Loading...
काउंटी चैंपियनशिप 2026: साई किशोर ने ग्लोस्टरशायर के लिए चटकाए 5 विकेट, जानिए आंकड़े
साई किशोर ने ग्लोस्टरशायर के लिए चटकाए 5 विकेट

काउंटी चैंपियनशिप 2026: साई किशोर ने ग्लोस्टरशायर के लिए चटकाए 5 विकेट, जानिए आंकड़े

Sep 06, 2026
02:54 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम से लगातार नजरअंदाज किए जा रहे तमिलनाडु के अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने काउंटी चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। ग्लोस्टरशायर की ओर से खेलते हुए साई किशोर ने डर्बीशायर के खिलाफ दूसरी पारी में बेहद किफायती और घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के दम पर ग्लोस्टरशायर ने डर्बीशायर को 213 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया।

गेंदबाजी

कैसी रही साई किशोर की गेंदबाजी?

ब्रिस्टल के 'सीट यूनीक स्टेडियम' में खेले गए मुकाबले के अंतिम दिन डर्बीशायर को जीत के लिए 319 रनों का लक्ष्य मिला था।

इस दौरान साई किशोर ने पिच से मिली मदद का फायदा उठाते हुए हैरी केम (9), मैथ्यू मोंटगोमरी (0), वेन मडसेन (4), एन्यूरिन डोनाल्ड (16) और ब्रुक गेस्ट (2) को पवेलियन की राह दिखाई।

उन्होंने 18 ओवर में 12 मेडन के साथ 20 रन खर्च किए। इससे डर्बीशायर की पूरी टीम 105 रनों पर ढेर हो गई।

संदेश

साई किशोर ने चयनकर्ताओं को दिया संदेश

घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार रिकॉर्ड रखने और इंग्लैंड में लगातार दूसरे साल काउंटी क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ने के बावजूद साई किशोर को लगातार भारतीय टीम से नजरअंदाज किया गया है।

हालांकि, ब्रिस्टल में किए गए इस धमाकेदार प्रदर्शन से उन्होंने BCCI को अहम संदेश दिया है।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय टेस्ट टीम में चल रहे बदलाव के इस दौर में साई किशोर अच्छा स्पिन विकल्प साबित हो सकते हैं।

ADVERTISEMENT

करियर

कैसा रहा है साई किशोर का प्रथम श्रेणी करियर?

साई किशोर ने अब तक 44 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसकी 71 पारियों में 25.22 की शानदार औसत और 2.67 की इकॉनमी से 173 विकेट लेने में सफल रहे हैं।

वह 7 बार 5 विकेट हॉल और 8 बार 4 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/71 का रहा है।

मौजूदा काउंटी सीजन की पिछली 4 पारियों में उनके गेंदबाजी आंकड़े क्रमशः 1/96, 5/144, 2/59 और 5/20 के रहे हैं।

ADVERTISEMENT