काउंटी चैंपियनशिप 2026: जयदेव उनादकट ने हैम्पशायर के खिलाफ लिए 5 विकेट, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इस समय खेली जा रही काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए खेलते हुए जयदेव उनादकट ने हैम्पशायर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट लिए। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत ससेक्स ने हैम्पशायर को सिर्फ 128 रनों पर ऑलआउट कर दिया और अपनी टीम को 116 रनों की बड़ी बढ़त दिलाई। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 25वां, 5 विकेट हॉल रहा। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
घातक रही उनादकट की गेंदबाजी
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज उनादकट ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी की।
उन्होंने टॉम प्रेस्ट, एडी जैक और बेन मेस को आउट करके हैम्पशायर को पहले दिन की शाम तक मुश्किल स्थिति में डाल दिया।
इसके बाद भारतीय तेज गेंदबाज ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को आउट किया।
उन्होंने जेम्स फुलर को स्लिप पर कैच कराया और काइल एबॉट के लेग स्टंप को उखाड़ दिया।
उन्होंने 17 ओवर में 32 रन देते हुए 5 विकेट लिए।
ससेक्स
ससेक्स ने मैच में बनाई बढ़त
सॉउथैंप्टन में खेले जा रहे मैच में ससेक्स ने अपनी पहली पारी में 244 रन बनाए थे।
इसके जवाब में उनादकट की घातक गेंदबाजी के चलते हैम्पशायर की पारी सिर्फ 128 रन पर ही ढेर हो गई।
हैम्पशायर के कप्तान बेन ब्राउन ने सर्वाधिक 36 रन बनाए।
इसके बाद दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक ससेक्स ने दूसरी पारी में 216/5 का स्कोर बनाया है।
ससेक्स की कुल बढ़त 332 रन की हो गई है।
आंकड़े
प्रथम श्रेणी में 500 से अधिक विकेट ले चुके हैं उनादकट
उनादकट ने अब तक 144 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं।
इस दौरान लगभग 23 की औसत से 509 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने 25 बार 5 विकेट हॉल भी अपने नाम किया है।
वह 4 मैच में कुल 10 या अधिक विकेट (दोनों पारियों को मिलाकर) लेने का कारनामा कर चुके हैं।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इस खिलाड़ी का पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/39 विकेट का रहा है।
टेस्ट
भारत से 4 टेस्ट खेल चुके हैं उनादकट
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए उनादकट ने 4 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 77 की औसत से सिर्फ 3 विकेट लेने में सफल रहे हैं।
उन्होंने 2010 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।
वह 2023 में वेस्टइंडीज के दौरे पर आखिरी बार खेलते हुए नजर आए थे।
इसके अलावा वह भारतीय टीम से 8 वनडे और 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।