Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय महिला क्रिकेट टीम, शेड्यूल और अन्य अहम जानकारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी भारतीय टीम (तस्वीर: ट्विटर/@BCCIWomen)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय महिला क्रिकेट टीम, शेड्यूल और अन्य अहम जानकारी

Jul 19, 2022
02:47 pm

क्या है खबर?

इस बार राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत 28 जुलाई से बर्मिंघम में होनी है, जिसमें महिला क्रिकेट भी शामिल किया गया है। यह पहला मौका है, जब इन ऐतिहासिक खेलों में महिला क्रिकेट भी देखने को मिलेगा। इन प्रतिष्ठित खेलों में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम अपनी चुनौती पेश करेगी और निश्चित ही पदक की प्रबल दावेदार होगी। इस बीच भारतीय टीम से जुड़ी सभी जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

ग्रुप्स

ग्रुप-A में शामिल है भारत

इस बार महिला क्रिकेट 20 ओवरों के प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी। चार-चार टीमों को दो ग्रुप्स में बांटा गया है। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का करेंगी। भारत को ग्रुप-A में विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और बारबाडोस के साथ रखा गया है। दूसरी तरफ ग्रुप-B में श्रीलंका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमों को शामिल किया गया है।

जानकारी

ऐसी है भारतीय महिला क्रिकेट टीम

भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शफाली वर्मा, एस मेघना, तानिया सपना भाटिया (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राजेश्वरी गायकवाड़, पूजा वस्त्राकर, मेघना सिंह, रेणुका सिंह, जेमिमाह रोड्रिग्ज, राधा यादव, हरलीन देओल और स्नेह राणा।

शेड्यूल

29 जुलाई से अपने अभियान की शुरुआत करेगी भारतीय टीम

इन राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। भारत के अगले दो मैच पाकिस्तान के खिलाफ 31 जुलाई और बारबडोस के खिलाफ 03 अगस्त को होना है। इसके बाद दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 06 अगस्त को और फाइनल मैच 07 अगस्त को खेला जाएगा। कांस्य पदक के लिए मैच भी 07 अगस्त को होना है।

डाटा

ग्रुप-B का कार्यक्रम

30 जुलाई 2022: न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड बनाम श्रीलंका। 2 अगस्त 2022: इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड। 4 अगस्त 2022: दक्षिण अफ्रीका बनाम श्रीलंका और इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड।

इतिहास

पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया है महिला क्रिकेट

यह पहला मौका है जब राष्ट्रमंडल खेल में महिला क्रिकेट को शामिल किया गया है। इसके अलावा यह पहली बार होने जा रहा है, जब राष्ट्रमंडल खेलों में क्रिकेट टी-20 प्रारूप में खेला जाएगा। बता दें 1998 में कुआलालंपुर में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेलों में क्रिकेट (पुरुष) को वनडे प्रारूप में खेला गया था और दक्षिण अफ्रीका ने इसका स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इसके बाद से सीधे क्रिकेट अब 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया है।

स्ट्रीमिंग

कब और कहां देखे मैच?

भारत के ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच भारतीय समयानुसार दिन में 03:30 बजे से शुरू होंगे जबकि बारबाडोस के खिलाफ होने वाला तीसरा मैच रात 10:30 बजे से शुरू होगा। ये सभी मैच सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क में प्रसारित किए जाएंगे। इनके अलावा इन मुकाबलों को 'सोनी लिव' ऐप के जरिए भी देखा जा सकता है। राष्ट्रमंडल खेलों के सभी क्रिकेट मैच एजबेस्टन स्टेडियम में आयोजित होने हैं।