राष्ट्रमंडल खेल 2022: मुक्केबाजी में अमित पंघाल और नीतू घंघास ने जीते स्वर्ण पदक
क्या है खबर?
भारत के स्टार मुक्केबाज अमित पंघाल ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है।
पुरुषों के फ्लाईवेट वर्ग के फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के कियारन मैकडोनाल्ड को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
यह बर्मिंघम खेलों में मुक्केबाजी में भारत का दूसरा स्वर्ण है। उसने पहले महिलाओं में नीतू घनघास ने भारत की झोली में स्वर्ण डाला था।
फाइनल
एक तरफा अंदाज में जीते पंघाल
पंघाल ने मैच की शानदार शुरुआत की और पहले राउंड को उन्होंने 5-0 से जीत लिया।
दूसरे राउंड में भी पंघाल ने अपना दबदबा बरकरार रखा और विपक्षी मुक्केबाज पर जमकर मुक्के बरसाए। दूसरा राउंड 4-1 से उन्होंने अपने नाम किया
तीसरे राउंड में पंघाल ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और विपक्षी मुक्केबाज को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने आखिरी राउंड को 4-1 से जीतकर मैच अपने नाम किया।
पदक
2018 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत जीत चुके हैं पंघाल
2017 में नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में डेब्यू करते हुए ही पंघाल ने स्वर्ण पदक जीता था। 2018 राष्ट्रमंडल खेल में पंघाल ने रजत पदक जीता था। सितंबर 2019 में वह AIBA वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज बने थे।2018 में पंघाल ने जकार्ता में हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण जीता था जो उनके करियर के सबसे पदकों में से एक है। वह एशियन चैंपियनशिप में भी स्वर्ण जीत चुके हैं।
महिला मुक्केबाज
नीतू घंघास ने महिलाओं में जीता स्वर्ण
पंघाल से पहले महिलाओं के 48 किलो भारवर्ग में भारत की नीतू घंघास ने स्वर्ण पदक जीता है। घंघास ने इंग्लैंड की बॉक्सर डेमी जेड 5-0 से शिकस्त दी।
मिनिममवेट कैटेगरी के फाइनल में नीतू ने विपक्षी मुक्केबाज पर अपना दबदबा बनाकर रखा। पहले राउंड में पांच में से चार जजों ने नीतू के हक में फैसला दिया। वहीं दूसरे और तीसरे राउंड में भी यही फैसला देखने को मिला।
जानकारी
फिलहाल भारत ने जीते हैं 16 स्वर्ण
राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने अब तक कुल 47 पदक जीत लिए हैं, जिसमें 16 स्वर्ण शामिल हैं। भारत की झोली में अब तक 12 रजत और 19 कांस्य भी आए हैं। फिलहाल पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है।