भारत के खिलाफ हार के बाद बोले कोच वहाब रियाज - पाकिस्तान टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम
क्या है खबर?
महिला टी-20 एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ मिली करारी और शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच वहाब रियाज ने चौंकाने वाला बयान दिया है। मुकाबले में पूरी पाकिस्तानी टीम महज 55 रनों पर सिमट गई। भारत ने 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस शर्मनाक प्रदर्शन के बावजूद कोच रियाज का मानना है कि पाकिस्तान इस टूर्नामेंट की सबसे सर्वश्रेष्ठ टीम है।
बयान
रियाज ने क्या दिया बयान?
रियाज ने मैच के बाद कहा, "मेरा मानना है कि हमारी टीम के सभी खिलाड़ी बेहद कुशल हैं और उन्हें बस खुद पर भरोसा रखने की जरूरत है। हमारा अगला मैच हांगकांग के खिलाफ है। हम वापस जाएंगे और भारत के खिलाफ हुई गलतियों पर चर्चा करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं अब भी मानता हूं कि इस एशिया कप में ट्रॉफी उठाने के लिए पाकिस्तान सबसे सर्वश्रेष्ठ टीम है क्योंकि यहां की परिस्थितियां हमारे लिए पूरी तरह अनुकूल हैं।"
मतभेद
कप्तान और कोच के बीच मतभेद भी हुए उजागर
इस हार के बाद पाकिस्तानी खेमे के मतभेद सामने आ गए।
कप्तान सना मीर ने एशिया कप के लिए चुनी गई टीम में बड़े बदलावों पर टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को आड़े हाथों लिया।
इस पर रियाज ने कहा, "यह सना मीर की अपनी राय है। मेरा उससे कोई लेना-देना नहीं है। हमने भविष्य को ध्यान में रखकर ये बदलाव किए हैं। यह नए चेहरों को मौका देने और आगामी टूर्नामेंटों के लिए टीम तैयार करने का सही समय था।"
परिणाम
भारत ने इस तरह दर्ज की जीत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों के सामने आउट होती चली गईं।
पाकिस्तान से मुनीबा अली (13) और शवाल जुल्फिकार (14) के रूप में सलामी बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं।
18.1 ओवर में सिमटने वाली पाकिस्तानी पारी में गुल फिरोजा, सना और नशरा संधू शून्य पर आउट हुई।
जवाब में स्मृति मंधाना (9), प्रतिका रावल (4) और शफाली वर्मा (12) भी जल्दी आउट हुई।
इसके बाद हरमनप्रीत (18*) और दीप्ति (12*) ने जीत दिलाई।