चैंपियंस ट्रॉफी 2025, भारत बनाम न्यूजीलैंड: अपना 300वां वनडे खेलने उतरे विराट कोहली, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के आखिरी ग्रुप मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली खेलने उतरे।
यह उनके वनडे करियर का 300वां वनडे मुकाबला रहा। वह भारत के लिए यह उपलब्धि हासिल करने वाले 7वें और दुनिया के 22वें खिलाड़ी बने हैं।
इस खिलाड़ी का वनडे करियर 17 साल का रहा है। उन्होंने अपना पहला मुकाबला साल 2008 में खेला था। ऐसे में आइए उनके द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
उपलब्धि
भारत के लिए इन खिलाड़ियों ने खेले हैं 300 मुकाबले
कोहली के अलावा भारत के लिए युवराज सिंह (301), सौरव गांगुली (308), मोहम्मद अजहरुद्दीन (334), राहुल द्रविड़ (340), महेंद्र सिंह धोनी (347) और सचिन तेंदुलकर (463) 300 या उससे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी हैं।
सचिन भारत के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 400 से ज्यादा मुकाबले खेले हैं।
सचिन के अलावा महेला जयवर्धने (448), सनथ जयसूर्या (445) और कुमार संगाकारा (404) 400 से ज्यादा वनडे खेलने वाले दुनिया के अन्य खिलाड़ी हैं। शाहिद अफरीदी ने 398 वनडे खेले थे।
शतक
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
कोहली वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 51 शतक लगाए हैं। उनके अलावा दुनिया का कोई भी बल्लेबाज क्रिकेट के इस प्रारूप में 50 शतक नहीं लगा पाया है।
सचिन 49 शतक के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट में 32 शतक हैं और वह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
रिकी पोंटिग के नाम वनडे क्रिकेट में 30 शतक हैं।
विश्व कप
एक वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
कोहली एक वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने 2023 वनडे विश्व कप में 11 मैच खेले थे। इसकी 11 पारियों में 95.62 की औसत से 765 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 3 शतक और 6 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन रहा था।
कोहली ने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा था। उन्होंने 2003 के विश्व कप में 11 मैच खेले थे और 61.18 की औसत से 673 रन बनाए थे।
औसत
वनडे क्रिकेट के इतिहास में तीसरा सबसे शानदार औसत
वनडे क्रिकेट के इतिहास में नीदरलैंड के रयान टेन डोशेट का औसत सबसे ज्यादा है। उन्होंने 67 की औसत से रन बनाए हैं।
दूसरे स्थान पर भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल हैं। उन्होंने 62.13 की औसत से 2,734 रन बनाए हैं। कोहली सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अपने वनडे करियर में 58.20 की औसत से 1,4085 रन बनाए हैं।
कोहली सचिन (18,426) और संगाकारा (14,234) के बाद वनडे में 14,000 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं।
करियर
कोहली के वनडे करियर पर एक नजर
कोहली ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2008 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 299 वनडे खेले हैं और इसकी 287 पारियों में 45 बार नाबाद रहते हुए 1,4085 रन बनाए हैं। उनकी औसत 58.20 की रही है।
उनके बल्ले से 51 शतक के अलावा 73 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 रन रहा है।
कोहली ने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन (2,652) श्रीलंका के खिलाफ बनाए हैं।