चैंपियंस ट्रॉफी 2025, भारत बनाम बांग्लादेश: तौहीद हृदोय ने जड़ा वनडे करियर का पहला शतक
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बल्लेबाज तौहीद हृदोय ने शानदार शतकीय पारी (100) खेली है।
यह उनके वनडे करियर का पहला शतक है। इस मुकाबले से पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96* रन था।
भारतीय टीम के खिलाफ मैच में एक समय बांग्लादेश की स्थिति बेहद खराब थी। हृदोय ने जेकर अली के साथ मिलकर टीम को परेशानी से बाहर निकाला और एक सम्मानजनक स्कोर तक ले गए।
आइए उनकी पारी पर नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही हृदोय की पारी
हृदोय ने 114 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। एक समय सिर्फ 35 रन पर बांग्लादेश के 5 बल्लेबाज पवेलियन में थे।
हृदोय ने जेकर के साथ छठे विकेट के लिए 206 गेंदों में 154 रन की साझेदारी निभाई।
उन्होंने पहले अपनी नजरें जमाई और इसके बाद बड़े-बड़े शॉट्स लगाए। हृदोय ने 118 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 84.75 की रही।
चौथा
चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश के लिए सिर्फ चौथा शतक
हृदोय बांग्लादेश के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं।
उनसे पहले सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल (128 रन बनाम इंग्लैंड, 2017), शाकिब अल हसन (114 रन बनाम न्यूजीलैंड, 2017) और महमुदुल्लाह (102 रन बनाम न्यूजीलैंड, 2017) ने ये कारनामा किया था।
ये तीनों खिलाड़ी इस मुकाबले में बांग्लादेश के लिए नहीं खेल रहे हैं। इस चैंपियंस ट्रॉफी का यह तीसरा शतक भी रहा। पहले मुकाबले में विल यंग और टॉम लैथम ने शतकीय पारी खेली थी।
भारत
भारत के खिलाफ हृदोय के आंकड़े
भारत के खिलाफ हृदोय ने 3 वनडे मैच खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 56.66 की औसत से 170 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी निकला है।
इस खिलाड़ी ने अपने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उन्होंने 5 पारियों में 49.80 की औसत से 249 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकला है।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन है।
करियर
हृदोय के वनडे करियर पर एक नजर
हृदोय ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2023 में आयरलैंड के खिलाफ खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 34 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 30 पारियों में 36.18 की औसत के साथ 977 रन बनाने में सफल रहे हैं।
एक शतक के अलावा हृदोय के बल्ले से 7 अर्धशतक भी निकले हैं।
हृदोय ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 96 रन की पारी खेली थी। वह स्कोर इस मुकाबले से पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था।
साझेदारी
साझेदारी का ये बड़ा रिकॉर्ड बना
संकट की घड़ी में जेकर और हृदोय ने बांग्लादेश की पारी को संभाला। इस जोड़ी ने छठे विकेट के लिए 254 गेंदों पर 156 रन की साझेदारी की।
यह चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में छठे या उससे निचले क्रम पर सर्वोच्च साझेदारी बन गई है। इसके साथ-साथ यह बांग्लादेश के लिए छठे विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है।
इससे पहले जेकर और महमुदुल्लाह ने 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 150 रन की साझेदारी की थी।
पारी
जेकर की पारी पर एक नजर
जेकर ने 114 गेंदों का सामना किया और 68 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 4 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 59.65 की रही।
यह उनके वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक 6 वनडे मुकाबले खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 54.75 की उम्दा औसत के साथ 219 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 68 रन रहा है।
जेकर ने अपने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन (113) वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं।