ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड: बेन डकेट ने बनाया चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के चौथे मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज बेन डकेट ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली है।
यह उनके वनडे करियर का तीसरा और कंगारू टीम के खिलाफ दूसरा शतक है। उन्होंने 95 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया।
डकेट ने साल 2025 में अपना पहला वनडे शतक लगाया है। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही डकेट की पारी और साझेदारी
डकेट सलामी बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरे थे। इंग्लिश टीम को शुरुआती झटके लगे और एक समय स्कोर 43/2 था।
डकेट ने 143 गेंदों का सामना किया और 165 रन बनाए। उनके बल्ले से 17 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 115.38 की रही।
उन्होंने जो रूट के साथ 155 गेंदों में 158 रन की साझेदारी निभाई। जोस बटलर के साथ इस खिलाडी़ ने 61 रन जोड़े।
डकेट का यह ICC टूर्नामेंट में पहला शतक है।
रिकॉर्ड
डकेट ने बनाया चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर
डकेट ने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया है। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार खिलाड़ी नाथन एस्टल का रिकॉर्ड तोड़ा है।
एस्टल ने साल 2004 की चैंपियंस ट्रॉफी में USA क्रिकेट टीम के खिलाफ 145* रन की पारी खेली।
इससे पहले इंग्लैंड के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे बड़ा स्कोर रूट के नाम था। उन्होंने 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 133* रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डकेट का दूसरा शतक
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डकेट ने पहला वनडे मैच साल 2024 में खेला था। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ 6 वनडे मुकाबले खेले हैं।
इसकी 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 93.20 की शानदार औसत के साथ 466 रन बनाए हैं। 2 शतक के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डकेट ने 1 अर्धशतक भी लगाया है।
उन्होंने अपने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन कंगारू टीम के खिलाफ ही बनाए हैं।
शतक
डकेट इंग्लैंड के लिए शतक लगाने वाले 5वें बल्लेबाज
डकेट इंग्लैंड के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाने वाले 5वें बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले मार्कस ट्रेस्कोथिक, बेन स्टोक्स, एंड्रयू फ्लिंटॉफ और रूट ये कारनामा कर चुके हैं।
ट्रेस्कोथिक ने 2 शतक और बाकि सभी खिलाड़ियों ने 1-1 शतक लगाए हैं।
ट्रेस्कोथिक ने इस टूर्नामेंट में 52.62 की औसत से 421 रन बनाए थे। स्टोक्स के बल्ले से 92 की औसत से 184 रन निकले थे। फ्लिंटॉफ ने 22.87 की औसत से 183 रन बनाए थे।
करियर
डकेट के वनडे करियर पर एक नजर
डकेट ने अपने वनडे करियर का पहला मैच 2016 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 20 मुकाबले खेले हैं। इसकी 20 पारियों में 55.11 की औसत से 992 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 2 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 161* रन रहा है।
2025 में इस खिलाड़ी ने 4 मैच खेले हैं और इसकी 4 पारियों में 97.33 की औसत से 292 रन बनाए हैं।
अर्धशतक
रूट के बल्ले से भी निकला अर्धशतक
रूट ने मैच में 78 गेंदों का सामना किया और 68 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 4 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 87.18 की रही।
उन्हें एडम जैम्पा ने आउट किया। यह उनके वनडे करियर का 41वां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छठा अर्धशतक रहा।
उन्होंने अब तक 175 वनडे मुकाबले खेले हैं और इसकी 164 पारियों में 47.53 की औसत से 6,702 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 133* रन रहा है।