पुडुचेरी के क्रिकेट कोच के खिलाफ मामला दर्ज, खिलाड़ियों पर हमले का आरोप
क्या है खबर?
पुडुचेरी क्रिकेट संघ (CAP) के अंडर-19 टीम के मुख्य कोच एस वेंकटरमन के खिलाफ पुलिस ने एक स्थानीय खिलाड़ी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर ली है। पुडुचेरी के एक न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश पर सेदारपेट पुलिस ने यह कदम उठाया है। कोच वेंकटरमन के खिलाफ यह कार्रवाई 3 स्थानीय रणजी ट्रॉफी खिलाड़ियों पर हमला करने के आरोप में की गई है। आइए इस मामले से जुड़ी पूरी खबर जानते हैं।
प्रकरण
क्या है जानलेवा हमले का मामला?
यह विवाद 8 दिसंबर, 2025 को CAP परिसर में शुरू हुआ था।
शुरुआत में कोच वेंकटरमन ने आरोप लगाया था कि रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी जयसुंदरम कार्तिकेयन (32), ए अरविंदराज (30) और एस संतोष कुमारन (28) ने उन पर जानलेवा हमला किया।
उनका आरोप था कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की टीम में चयन न होने का जिम्मेदार मानकर खिलाड़ियों ने उन्हें पीटा, जिससे उनके सिर और कंधे में चोटें आईं। इस पर पुलिस ने खिलाड़ियों पर FIR दर्ज की थी।
आरोप
खिलाड़ियों ने कोच पर लगाए आरोप
इसके बाद क्रिकेटर जयसुंदरम कार्तिकेयन ने भी कोच के खिलाफ परस्पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की।
कार्तिकेयन के वकील एम सबरी सेल्वम के अनुसार जब खिलाड़ी अभ्यास कर रहे थे, तब कोच वेंकटरमन ने गाली-गलौज शुरू की और बाद में बल्ले से हमला कर दिया। खिलाड़ी भी घायल हुए और उनका मेडिकल टेस्ट भी कराया गया था।
हालांकि, शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोच के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
आदेश
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर कार्तिकेयन ने कोर्ट में याचिका दायर कर दी। कोर्ट ने निर्देश के बाद पुलिस ने कोच के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
इससे पहले, अप्रैल 2026 में CAP ने हत्या के प्रयास और हमले के गंभीर आपराधिक मामले को देखते हुए तीनों क्रिकेटरों को निलंबित कर दिया था।
अब कोच के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद खिलाड़ियों के वकील ने BCCI और CAP से कोच को निलंबित करने की मांग की है।