IPL इतिहास में PBKS के लिए शतक जड़ने वाले कप्तान, जानिए सबसे पहले किसने जड़ा
क्या है खबर?
पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 68वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ शानदार मैच जिताऊ शतकीय पारी (101*) खेली। इसकी बदौलत PBKS की 7 विकेट जीत दर्ज करते हुए अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखने में सफल रही। अय्यर IPL इतिहास में PBKS के लिए शतक जड़ने वाले केवल तीसरे कप्तान बने हैं। आइए जानते हैं सबसे पहले यह कारनामा किसने किया।
#1
एडम गिलक्रिस्ट - 106 बनाम RCB, 2011
IPL इतिहास में PBKS के लिए सबसे पहले शतक जड़ने वाले कप्तान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट हैं। उन्होंने IPL 2011 में टीम के आखिरी लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ शानदार शतकीय पारी (106) खेली थी। गिलक्रिस्ट ने शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को 232/2 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। गिलक्रिस्ट ने 8 चौके और 9 छक्के जड़े थे। आखिर में PBKS ने 111 रनों से जीत दर्ज की।
#2
केएल राहुल - 132* बनाम RCB, 2020
इस सूची में केएल राहुल दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने IPL 2020 में PBKS की कप्तानी करते हुए RCB के खिलाफ धमाकेदार शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 69 गेंदों में 132* रन बनाए थे। दुबई में खेली गई राहुल की इस पारी में 14 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन पर 3 विकेट बनाए और बाद में RCB को 109 रनों पर ऑलआउट कर दिया।
#3
श्रेयस अय्यर - 101* बनाम LSG, IPL 2026
इस सूची में अब श्रेयस तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। PBKS को लक्ष्य का पीछा करते हुए 22 रन पर 2 झटके लग गए थे। उसके बाद उन्होंने सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (69) के साथ तीसरे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। श्रेयस ने 51 गेंदों में 101* रन बनाए और PBKS को 18 ओवरों में जीत हासिल दिला दी। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 5 छक्के भी लगाए।