पाकिस्तान-A से हार के बाद भड़के कप्तान तिलक वर्मा, बल्लेबाजों को ठहराया जिम्मेदार
क्या है खबर?
ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के रोमांचक ग्रुप-B मुकाबले में पाकिस्तान-A ने इंडिया-A को 48 रनों से करारी शिकस्त दी। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय कप्तान तिलक वर्मा की जुझारू शतकीय पारी (100) भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। हार के बाद तिलक काफी निराश नजर आए और उन्होंने टीम के अन्य बल्लेबाजों को इस हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
बयान
तिलक ने क्या दिया बयान?
मैच के बाद तिलक ने साफ तौर पर कहा कि अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने के समय उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला।
उन्होंने कहा, "जिस तरह से अभिषेक शर्मा ने शुरुआत की और बीच में शाहबाज अहमद ने मेरे साथ साझेदारी निभाई, वह बेहद अहम था। हालांकि, दुर्भाग्य से जब हमें रन गति तेज करनी थी, तभी शाहबाज आउट हो गए। अगर वह दो ओवर और टिक जाते, तो मैं मैच खत्म कर देता।"
दावा
अन्य बल्लेबाजों को लेकर क्या बोले तिलक?
तिलक ने अपनी शतकीय पारी और टीम के अन्य बल्लेबाजों की नाकामी पर कहा, "मेरे लिए बड़ी चीज मैच जीतना है। अगर हम मैच नहीं जीतते, तो मेरे लिए यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं है। मैं हमेशा मैच को जितना हो सके उतना गहरा ले जाना चाहता हूं। अगर किसी अन्य बल्लेबाज ने मेरा साथ दिया होता, तो मैं मैच जिता सकता था। अगर आप टीम के कप्तान हैं, तो आपको यह बोझ और जिम्मेदारी उठानी चाहिए। मुझे यह पसंद है।"
जीत
पाकिस्तान-A ने किस तरह दर्ज की जीत?
पाकिस्तान-A को शामिल हुसैन (33) और माज सदाकत (59) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई।
इसके बाद हसन नवाज (79) और फरहान यूसुफ (56) ने अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए स्कोर को 313 तक पहुंचाने में मदद की।
भारत से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने 2-2 विकेट चटकाए।
जवाब में इंडिया-A टीम अभिषेक (70), कप्तान तिलक (100) और शाहबाज अहमद (56) के अर्धशतकों के बाद भी 265 रन बनाकर आउट हो गई।