वेलिंगटन टेस्ट से मोहम्मद सिराज को बाहर रखने पर कप्तान शुभमन गिल ने तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने सोमवार को अपनी चुप्पी तोड़ी। वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने स्पष्ट किया कि सिराज को उनके हालिया फॉर्म के आधार पर बाहर बैठाया गया था और इस फैसले से पहले उन्होंने खुद सिराज से बात की थी।
बयान
गिल ने क्या दिया बयान?
गिल ने मैच के बाद सिराज के साथ अपनी दोस्ती का हवाला देते हुए कहा, "हमने मैच के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमण उतारा था। सिराज महान खिलाड़ी और शानदार गेंदबाज हैं जिन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त भी हैं। हमने एक साथ डेब्यू किया था। भारत के लिए खेलने से पहले भी वह मेरे दोस्त थे। इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखना मेरे लिए भी एक बहुत ही कठिन फैसला था।"
फॉर्म
कभी-कभी फॉर्म भी देखनी पड़ती है- गिल
गिल ने आगे कहा, "कभी-कभी आपको देखना होता है कि कौन गेंदबाज फॉर्म में हैं और कौन सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कर रहा है। मैंने मैच से पहले सिराज् से बात की थी कि वह नहीं खेल पाएंगे। मुझे नहीं पता कि वह इससे सहमत थे या नहीं, लेकिन वह समझ गए थे कि किसी और को उनसे पहले चुनने के पीछे क्या तर्क है। हर खिलाड़ी के करियर में ऐसा दौर आता है जब आप अपने चरम पर नहीं होते हैं।"
जानकारी
सिराज कड़ी मेहनत कर वापसी के लिए हैं तैयार- गिल
गिल ने कहा, "जब तक वह कड़ी मेहनत करने और वापसी करने के लिए तैयार हैं, यह हमारे लिए एक सकारात्मक संकेत है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो वापसी करना चाहते हैं और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।"
राजनीति
सिराज के बाहर होने पर गरमाई थी राजनीति
पहले टेस्ट से सिराज को बाहर बैठाए जाने के बाद भारत में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई थी।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को उनके धर्म के कारण टीम से बाहर किया गया है।
इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में सिराज की गति में काफी गिरावट देखी गई थी, जिसका कारण सिराज ने अभ्यास की कमी बताया था।
उस सीरीज के 2 मैचों में सिराज ने 29 ओवर में 4 विकेट लिए थे।
स्पष्टता
जडेजा की जगह सुंदर को खिलाने पर भी बोले गिल
वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम प्रबंधन ने अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को भी बाहर रखा था और उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया था।
माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम में 4 बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी के कारण यह रणनीतिक फैसला लिया गया था।
हालांकि, गिल ने जडेजा और सिराज के टीम में होने से मैच के परिणाम पर कोई असर होने से साफ इनकार कर दिया।