केपटाउन टेस्ट: साइमर हार्मर ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन, ये रिकॉर्ड बनाए
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑफ-स्पिनर साइमन हार्मर ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ केपटाउन टेस्ट मैच की चौथी पारी में घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा और कंगारू टीम के खिलाफ पहला ही 5 विकेट हॉल रहा। यह उनका टेस्ट करियर में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी रहा है। उनकी गेंदबाजी से प्रोटियाज टीम 176 रनों से जीत दर्ज करने में सफल रही। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़े जानते हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही हार्मर की गेंदबाजी?
हार्मर ने ऑस्ट्रेलिया टीम को 42 रन के कुल स्कोर पर एलेक्स केरी (2) के रूप में 5वां झटका देते हुए पारी में अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने कूपर कॉनोली (0), मिचेल स्टार्क (0), कैमरून ग्रीन (27), पैट कमिंस (11) और जोश हेजलवुड (0) को भी अपना शिकार बनाते हुए प्रोटियाज टीम की जीत पक्की कर दी।
उन्होंने पारी में 21.1 ओवर में 14 मेडन के साथ केवल 16 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे किफायती गेंदबाजी का रिकॉर्ड
इस प्रदर्शन के साथ हार्मर टेस्ट क्रिकेट इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 या उससे अधिक विकेट लेकर सबसे किफायती गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उनकी इकॉनमी केवल 0.80 की रही है।
उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज गेंदबाज मैल्कम मार्शल को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 1989 में एडिलेड में खेले गए टेस्ट में 0.94 की इकॉनमी के साथ 31 ओवर में 16 मेडन के साथ 29 रन देकर 5 विकेट झटके थे।
कारनामा
केपटाउन में 13 साल बाद 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले स्पिनर
हार्मर केपटाउन (न्यूलैंड्स) के मैदान पर एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले 2013 के बाद पहले स्पिनर बन गए हैं।
उनसे पहले साल 2013 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सईद अजमल ने यह कारनामा किया था। उस दौरान उन्होंने 96 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए थे।
इसी तरह हार्मर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथी पारी में इतने किफायती इकॉनमी रेट (0.80) से 6 विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले स्पिनर भी बन गए हैं।
जानकारी
हार्मर ने मैच में चटकाए 10 विकेट
चौथी पारी में चटकाए गए 6 विकेट के साथ हार्मर ने मुकाबले में 120 रन खर्च करते हुए 10 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में भी 104 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। इसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
करियर
कैसा रहा है हार्मर का टेस्ट करियर?
हार्मर ने साल 2015 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 17 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिसकी 30 पारियों में 23.07 की औसत और 2.82 की इकॉनमी से 83 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं।
वह 3 बार 5 विकेट हॉल लेने के साथ पहली बार 10 विकेट हॉल लेने में सफल रहे हैं।
उनका पारी और मैच का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है।