ब्रेंडन मैकुलम ने वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले की कोहली की तारीफ, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
इंग्लैंड की सीमित ओवर क्रिकेट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने आगामी वनडे सीरीज से पहले दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कोहली को क्रिकेट के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक बताया और सीरीज में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई। सीरीज में भारत के खिलाफ इंग्लैंड की रणनीति बनाने के बावजूद मैकुलम कोहली से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।
बयान
मैकुलम ने कोहली को बताया बेहद प्रतिस्पर्धी
मैकुलम ने कहा, "वह (कोहली) बेहद प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं और मैच के दौरान मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देते हैं। वह पूरे दिल से खेलते हैं और एक असाधारण क्रिकेटर हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "जब उनके खेल करियर का अंत होगा, तो उनकी विरासत उनके संन्यास के बाद भी लंबे समय तक कायम रहेगी। फिलहाल, मैं उन्हें इस सीरीज में खूब रन बनाते हुए देखना चाहता हूं। वह एक सच्चे प्रतिस्पर्धी और शानदार चैंपियन हैं।"
प्रभाव
कोहली का मैदान पर और बाहर का प्रभाव
मैकुलम ने क्रिकेटरों की पूरी पीढ़ी पर कोहली के प्रभाव पर जोर देते हुए कहा कि उन्होंने कई लोगों को इस खेल से प्यार करने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कोहली को क्रिकेट की सीमाओं को पार करने वाला बताते हुए कहा, "वह एक वैश्विक सुपरस्टार हैं, जिन्हें न केवल क्रिकेट और भारत में, बल्कि पूरी दुनिया और कई अन्य खेलों में भी पहचाना जाता है। मैं इस सीरीज में भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा हूं।"
संबंध
मैकुलम और कोहली का RCB से संबंध
मैकुलम और कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2018 के सीजन के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में साथी खिलाड़ी थे, जब न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने से पहले टूर्नामेंट में अपना आखिरी साल बिताया था।
इसको लेकर मैकुलम ने कहा, "मुझे RCB में एक साल तक विराट के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का सौभाग्य मिला और मैंने उनके साथ समय बिताने का भरपूर आनंद लिया।"