टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस खिलाड़ी ने किया ऐतिहासिक कारनामा, मैच में 9 विकेट लेकर रचा इतिहास
क्या है खबर?
ब्राजील महिला क्रिकेट टीम की 21 वर्षीय ऑलराउंडर खिलाड़ी लॉरा कार्डोसो ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वह पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट में एक पारी में 9 विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने यह कारनामा बोत्सवाना में खेले जा रहे कालाहारी महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में लेसोथो के खिलाफ किया। कार्डोसो ने 3 ओवर में 2 मेडन के साथ सिर्फ 4 रन देकर 9 विकेट झटके।
रिकॉर्ड
बना डाला ये रिकॉर्ड
कार्डोसो ने मैच में हैट्रिक भी ली और अपनी घातक गेंदबाजी से लेसोथो की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भूटान के सोनम येशे के नाम था, जिन्होंने 7 रन देकर 8 विकेट लिए थे। महिला क्रिकेट में यह रिकॉर्ड इंडोनेशिया की रोहमालिया रोहमालिया के नाम था, जिन्होंने बिना कोई रन दिए 7 विकेट अपने नाम किए थे।
मैच
कैसा रहा मैच?
मैच में ब्राजील ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 202/8 का बड़ा स्कोर बनाया। कार्डोसो सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गई थीं। जवाब में लेसोथो की टीम महज 13 रन पर सिमट गई, जो महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय का सातवां सबसे कम स्कोर है। ब्राजील ने यह मुकाबला 189 रन से जीत लिया और टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।