भारत के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में इन गेंदबाजों ने चटकाए हैं सबसे ज्यादा विकेट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में कई गेंदबाजों ने घातक गेंदबाजी से छाप छोड़ी है। कुछ गेंदबाज ऐसे रहे, जिन्होंने एक ही टेस्ट सीरीज में विकेटों की झड़ी लगाकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह झकझोर दिया। इन प्रदर्शनों ने न सिर्फ उनकी टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई, बल्कि कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी कायम किए। ऐसे में आइए भारतीय टीम के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
इमरान खान (40 विकेट)
पहले स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज इमरान खान हैं।
साल 1982 में भारतीय टीम पाकिस्तान के दौरे पर गई थी। उस सीरीज में 6 टेस्ट मैच खेले गए थे।
इमरान ने इन मुकाबलों में 13.95 की उम्दा औसत के साथ 40 विकेट चटकाए थे। उन्होंने 4 बार 5 विकेट हॉल लिए थे।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 8/60 का रहा था। दोनों पारियों को मिलाकर इस खिलाड़ी ने 2 बार 10 विकेट भी अपने नाम किए थे।
#2
मैल्कम मार्शल (33 विकेट)
साल 1983 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भारत के दौरे पर आई थी। उस सीरीज में मैल्कम मार्शल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 मुकाबलों में 33 विकेट अपने नाम किए थे।
उन्होंने 18.81 की शानदार औसत से गेंदबाजी की थी। मार्शल ने 2 बार 4 विकेट हॉल और 2 बार ही 5 विकेट हॉल लिए थे।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/37 का रहा था। वेस्टइंडीज ने 6 मैचों की उस टेस्ट सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया था।
#3
एंडी रॉबर्ट्स (32 विकेट)
वेस्टइंडीज के एंडी रॉबर्ट्स इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। साल 1974 में वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज खेलने भारत आई थी।
उस सीरीज में 5 मुकाबले हुए थे। रॉबर्ट्स ने 10 पारियों में 18.28 की शानदार औसत के साथ 32 विकेट लिए थे।
उन्होंने 3 बार 5 विकेट हॉल लिए थे। दोनों पारियों को मिलाकर उन्होंने एक बार 10 विकेट भी लिया था।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/64 का रहा था।
#4
क्रेग मैकडरमॉट (31 विकेट)
चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाज क्रेग मैकडरमॉट हैं।
साल 1991 में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई थी। उस सीरीज में 5 मुकाबले हुए थे।
मैकडरमॉट ने 9 पारियों में 21.61 की औसत से 31 विकेट लिए थे। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल और 3 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए थे।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/54 का रहा था। दोनों पारियों को मिलाकर इस खिलाड़ी ने एक बार 10 विकेट भी लिया था।