Page Loader
IPL इतिहास में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर 
IPL 2025 में पंजाब के बल्लेबाज अच्छे फॉर्म में हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर 

Apr 17, 2025
03:28 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में पंजाब किंग्स (PBKS) का शानदार प्रदर्शन जारी है। उनके बल्लेबाज ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभा रहे हैं। टीम की कमान इस बार श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जिन्होंने पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को टूर्नामेंट का विजेता बनाया था। ऐसे में आइए लीग के इतिहास में PBKS के बल्लेबाजों द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर नजर डालते हैं।

#1

शॉन मार्श और एडम गिलक्रिस्ट (206 रन) 

पहले स्थान पर पूर्व दिग्गज शॉन मार्श और एडम गिलक्रिस्ट की जोड़ी है। दोनों ने IPL 2011 में RCB के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी निभाई थी। गिलक्रिस्ट ने 106 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। मार्श के बल्ले से 49 गेंदों में 79 रन निकले थे। PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 232/2 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB सिर्फ 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। उसे 111 रनों से हार मिली थी।

#2

मयंक अग्रवाल और केएल राहुल (183 रन)

दूसरे स्थान पर केएल राहुल और मयंक अग्रवाल की जोड़ी है। दोनों ने पहले विकेट के लिए IPL 2020 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 183 रन जोड़े थे। राहुल के बल्ले से 54 गेंदों में 69 रन निकले थे। मयंक ने 50 गेंदों का सामना किया था और 106 रन बनाए थे। PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223/2 का स्कोर बनाया था। जवाब में RR ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

#3

शॉन मार्श और अजहर महमूद (148 रन) 

तीसरे स्थान पर एक बार फिर मार्श और अजहर महमूद की जोड़ी है। इस दोनों खिलाड़ियों ने IPL 2013 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी निभाई थी। अजहर के बल्ले से सिर्फ 44 गेंदों में 80 रन निकले थे। मार्श ने 47 गेंदों में 63 रन बनाए थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए PBKS ने 183/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में MI की टीम केवल 133 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी।

#4

पॉल वल्थाटी और एडम गिलक्रिस्ट (136 रन)

सूची में चौथे स्थान पर पॉल वल्थाटी और गिलक्रिस्ट की जोड़ी है। दोनों ने IPL 2011 में पहले विकेट के लिए हैदराबाद के खिलाफ 136 रन जोड़े थे। वल्थाटी के बल्ले से 47 गेंदों में 75 रन निकले थे। वहीं, गिलक्रिस्ट ने 46 गेंदों में 61 रन जड़ दिए थे। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 165/8 का स्कोर बनाया था। PBKS ने 2 विकेट खोकर 17.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया था।