LOADING...
IPL 2026 में दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे भुवनेश्वर कुमार, बनाए ये प्रमुख रिकॉर्ड्स
शानदार रहा भुवनेश्वर के लिए यह सीजन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026 में दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे भुवनेश्वर कुमार, बनाए ये प्रमुख रिकॉर्ड्स

Jun 01, 2026
04:47 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने खिताब का बचाव करने में सफल रही। गत विजेता के रूप में अपनी चुनौती पेश करने वाली RCB ने फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से शिकस्त दी। RCB के इस सफल अभियान में उनके तेज गेंदबाजों की अहम भूमिका रही, जिसकी अगुआई भुवनेश्वर कुमार करते हुए नजर आए। इस बीच 2026 में भुवनेश्वर के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

2026 

इस सीजन में दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज रहे भुवनेश्वर 

RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने 2026 में अपने 16 मैचों के बाद 17.89 की औसत और 7.95 की इकॉनमी के साथ 28 विकेट लिए। वह सिर्फ एक विकेट से पर्पल कैप जीतने से चूक गए। IPL 2026 में उनसे ज्यादा विकेट गुजरात टाइटंस (GT) के कगिसो रबाडा ने लिए। बता दें कि दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने 17 मैचों में 21.58 की औसत के साथ 29 विकेट अपने नाम किए।

आंकड़े 

दूसरी बार सीजन में लिए 25+ विकेट 

यह कुल दूसरा ऐसा सीजन है, जिसमें भुवनेश्वर ने 25 या उससे अधिक विकेट लिए हैं। इससे पहले 2017 में इस तेज गेंदबाज ने 14 मैचों में 14.19 की बेहतरीन औसत और 7.05 की उम्दा इकॉनमी रेट से 26 विकेट लिए थे। 2017 में भुवनेश्वर को 'पर्पल कैप' मिली थी। बता दें कि भुवनेश्वर से ज्यादा सीजन में 25+ विकेट सिर्फ रबाडा (2026, 2020 और 2019) ने लिए हैं।

Advertisement

उपलब्धि 

IPL में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने थे भुवनेश्वर

भुवनेश्वर IPL के इतिहास में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने थे। उन्होंने अपना पहला मुकाबला IPL 2011 में खेला था। उन्होंने 2026 संस्करण के दौरान ये उपलब्धि हासिल की थी। उनके अलावा सिर्फ युजवेंद्र चहल (233) और सुनील नरेन (207) ही 200 से अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। भुवनेश्वर RCB से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पुणे वारियर्स (PWI) की ओर से IPL में हिस्सा ले चुके हैं।

Advertisement

आंकड़े 

टी-20 क्रिकेट में 350 विकेट वाले दूसरे गेंदबाज बने थे भुवनेश्वर 

IPL 2026 के 42वें मैच में भुवनेश्वर कुमार ने अहम उपलब्धि हासिल की। उन्होंने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ मैच के दौरान अपने टी-20 करियर में 350 विकेट पूरे किए थे। GT के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन उनका 350वां शिकार बने थे। क्रिकइंफो के अनुसार, टी-20 विकेटों के मामले में भारतीयों में भुवनेश्वर सिर्फ युजवेंद्र चहल से पीछे हैं। चहल 396 विकेटों के साथ इस सूची में सबसे ऊपर हैं।

Advertisement