भुवनेश्वर कुमार की शानदार वापसी के पीछे क्या है राज? इस बदलाव ने बदली पूरी तस्वीर
क्या है खबर?
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी हुई है। 36 साल की उम्र में वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और यूपी टी-20 लीग में लगातार शानदार प्रदर्शन का उन्हें इनाम मिला है। भुवनेश्वर ने अपनी फिटनेस और प्रदर्शन के दम पर वापसी की राह बनाई। उनकी इस वापसी के पीछे की पूरी कहानी इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट से सामने आई है। आइए उसपर एक नजर डालते हैं।
बयान
जब भुवनेश्वर ने कहा- क्या मैं अपनी मर्जी से गेंद स्विंग करा पाऊंगा
साल 2022 में टीम से बाहर होने के बाद फिजियोथेरेपिस्ट रामनीश भुवनेश्वर से मिलते थे, लेकिन करीब 2-3 महीने तक दोनों ने इस मुद्दे पर कोई बात नहीं की।
भुवनेश्वर ने एक दिन उनसे कहा, "मैं फिर वैसा बनना चाहता हूं।" उन्होंने मोबाइल पर 2012 में पाकिस्तान के नासिर जमशेद और मोहम्मद हफीज को परेशान करने वाली अपनी स्विंग गेंदों का वीडियो दिखाया।
उन्होंने रामनीश से पूछा, "क्या मैं फिर गेंद को अपनी मर्जी से स्विंग करा पाऊंगा?"
आनंद
क्रिकेट का आनंद लेना चाहते थे भुवनेश्वर
भुवनेश्वर का लक्ष्य सिर्फ भारतीय टीम की जर्सी दोबारा हासिल करना नहीं था। रामनीश के मुताबिक, वह जहां भी खेलें बस क्रिकेट का आनंद लेना और अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते थे।
इसी सोच के साथ उन्होंने अपने निजी ट्रेनर सूर्य यादव के साथ कड़ी मेहनत जारी रखी।
रामनीश की भुवनेश्वर से पहली मुलाकात 2020 में कोरोना महामारी के दौरान हुई थी। वहीं, करीब 4 साल बाद सूर्य ने भुवनेश्वर की तैयारी में तकनीकी मदद देना शुरू किया।
टीम
6 साल से चीनी का सेवन नहीं किया
भुवनेश्वर के लिए ये बदलाव आसान नहीं थे, लेकिन उन्होंने क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए खुद पर सख्ती बरती।
रामनीश के मुताबिक, पिछले 6 साल से उन्होंने चीनी, ग्लूटेन (गेहूं, जौ और राई में पाया जाने वाला प्रोटीन) और लैक्टोज (दूध में पाई जाने वाली प्राकृतिक शर्करा) का सेवन पूरी तरह बंद रखा है।
क्रिकेट के अलावा उनकी जिंदगी में मौज-मस्ती और पार्टियों जैसी गतिविधियां भी नहीं रहीं।
इस अनुशासन का असर उनकी फिटनेस पर पड़ा।
वजन
वजन घटकर 75 किलो का हुआ
रामनीश ने बताया कि भुवनेश्वर ने शरीर के आंतरिक अंगों के आसपास जमा वसा कम की है जो उनकी फिटनेस में अहम बदलाव रहा।
पहले उनका वजन 80 किलो था और शरीर में वसा 22-25 प्रतिशत थी। अब उनका वजन घटकर 75 किलो है जबकि शरीर में वसा की मात्रा 16 प्रतिशत रह गई है।
उन्होंने अपनी मांसपेशियों को भी बेहतर किया है। रामनीश ने कहा, "यही खूबसूरती है जब आप किसी खिलाड़ी के साथ एक मजबूत रिश्ता बनाते हैं।"
सोशल मीडिया
सोशल मीडिया से भी दूर रहते हैं भुवनेश्वर
भुवनेश्वर और रामनीश का रिश्ता अब खिलाड़ी और डॉक्टर तक सीमित नहीं रहा है। दोनों एक-दूसरे को भाई मानते हैं और नोएडा की एक ही सोसायटी में पड़ोसी भी हैं।
रामनीश बताते हैं कि वे अपने काम को सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रखते हैं। दोनों अक्सर एक-दूसरे के घर पर ही प्रशिक्षण करते हैं।
रामनीश के मुताबिक, इस रिश्ते में पेशेवर जुड़ाव के साथ भरोसा और अपनापन भी है, जिसने भुवनेश्वर की तैयारी में अहम भूमिका निभाई है।
भारत
भुवनेश्वर ने भारतीय टीम के लिए हैं 90 विकेट
भुवनेश्वर ने नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
उन्होंने 87 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बाद 23.10 की औसत से 90 विकेट लिए हैं। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 7 से नीचे (6.96) रही है।
अपने करियर में उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए हैं। वह भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 7वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।