IPL में 200 मैच खेलने वाले पहले तेज गेंदबाज बने भुवनेश्वर कुमार, जानिए उनके शानदार रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के भुवनेश्वर कुमार ने अहम उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, वह इस प्रतिष्ठित लीग में 200 मैच खेलने वाले पहले तेज गेंदबाज बने। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच उनके IPL करियर का 200वां मुकाबला साबित हुआ। 36 वर्षीय भुवनेश्वर इस लीग में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं। इस बीच IPL में उनके रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
उपलब्धि
खिताब जीतने के साथ-साथ पर्पल कैप जीत चुके हैं भुवनेश्वर
सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2016 की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में SRH ने RCB को 8 रन से हराया था। SRH से भुवनेश्वर को पर्पल कैप मिली थी। उस संस्करण में उन्होंने 17 मैचों में 21.30 की औसत और 7.42 की इकॉनमी रेट से 23 विकेट अपने नाम किए थे। उनके अलावा सोहेल तनवीर (IPL 2008), और आरपी सिंह (IPL 2009) भी खिताब जीतने वाले संस्करण में पर्पल कैप जीत चुके हैं।
पर्पल कैप
2 सीजन में पर्पल कैप जीतने का कारनामा कर चुके हैं भुवनेश्वर
IPL 2017 में भी भुवनेश्वर को पर्पल कैप मिली थी। उन्होंने उस संस्करण में 14 मैचों में 14.19 की बेहतरीन औसत और 7.05 की उम्दा इकॉनमी रेट से 26 विकेट लिए थे। हालांकि, उनकी टीम क्वालीफायर-2 में हारकर बाहर हुई थी। उनके अलावा ड्वेन ब्रावो (2013 और 2015), हर्षल पटेल (2021 और 2024) भी एक से अधिक बार पर्पल कैप जीतने वाले चुनिंदा गेंदबाजों में शुमार हैं।
विकेट
IPL में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं भुवनेश्वर
भुवनेश्वर IPL के इतिहास में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने थे। उन्होंने अपना पहला मुकाबला IPL 2011 में खेला था। उन्होंने 2026 संस्करण के दौरान ये उपलब्धि हासिल की थी। उनके अलावा सिर्फ युजवेंद्र चहल और सुनील नरेन ही 200 से अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। भुवनेश्वर RCB से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पुणे वारियर्स (PWI) की ओर से IPL में हिस्सा ले चुके हैं।
जानकारी
IPL में 2 पारियों में 5 विकेट हॉल ले चुके हैं भुवनेश्वर
भुवनेश्वर IPL में 2 पारियों में 5 विकेट हॉल ले चुके हैं। उनके अलावा जेम्स फॉकनर, जयदेव उनादकट, और जसप्रीत बुमराह भी 2-2 बार 5 या उससे अधिक विकेट ले चुके हैं।