बेन स्टोक्स भविष्य में बनना चाहते हैं इंग्लैंड के कोच, कर रहे हैं जमकर तैयारी
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा है कि वह भविष्य में इंग्लैंड टीम के कोच बनना पसंद करेंगे। 35 साल के स्टोक्स ने 'फॉर द लव ऑफ क्रिकेट' पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने हैरी ब्रूक के कप्तान नहीं बनने पर हैरानी जताई और जो रूट को यह जिम्मेदारी मिलने को लेकर चिंता व्यक्त की। स्टोक्स ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था।
कोच
कोच बनने को लेकर स्टोक्स ने क्या कहा?
स्टोक्स ने कोच बनने को लेकर कहा कि वह खेलते ही लेवल-3 कोचिंग पूरी कर रहे हैं, ताकि क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेने के बाद उनके पास कोचिंग से जुड़ी सभी योग्यताएं हों।
उन्होंने बताया कि वह भविष्य में खेल से जुड़े रहना चाहते हैं और कोच बनना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि एक दिन इंग्लैंड टीम का कोच बनना उनके लिए गर्व की बात होगी। वह बतौर कोच भी नेतृत्व की भूमिका निभाना चाहते हैं।
कप्तानी
स्टोक्स ने ब्रूक को लेकर कही ये बात
स्टोक्स ने ब्रूक को कप्तानी के लिए समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी में अच्छा कप्तान और नेतृत्वकर्ता बनने की क्षमता दिखती है तो उसे जिम्मेदारी दे देनी चाहिए।
उनके अनुसार चयनकर्ताओं के फैसले के पीछे की वजह वह समझते हैं, लेकिन उन्हें यह सोचकर हैरानी हुई कि इसका ब्रूक पर क्या संदेश जाएगा।
उन्होंने कहा कि ब्रूक उपकप्तान हैं और जब कप्तान टीम में नहीं हो तो भी उन्हें कप्तानी नहीं मिलना अजीब लगता है।