Page Loader
बेन स्टोक्स वनडे और टी-20 क्रिकेट में इंग्लैंड के बन सकते हैं कप्तान
बेन स्टोक्स इंग्लैंड के नए कप्तान बन सकते हैं (तस्वीर: एक्स/@SonySportsNetwk)

बेन स्टोक्स वनडे और टी-20 क्रिकेट में इंग्लैंड के बन सकते हैं कप्तान

Mar 12, 2025
03:07 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) 28 फरवरी को जोस बटलर के इस्तीफे के बाद सफेद गेंद की क्रिकेट में नए कप्तान की तलाश कर रहा है। 2025-26 सीजन को देखते हुए ECB जल्द अपना नया कप्तान चुनने वाली है। कप्तान की भूमिका के लिए सबसे आगे टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स चल रहे हैं। ECB के प्रबंध निदेशक रॉब की ने खुलासा किया कि स्टोक्स ने नेतृत्व की भूमिका में रुचि दिखाई है। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

योग्यता

स्टोक्स की ये योग्यता उन्हें बनाती है एक प्रमुख उम्मीदवार

2 बार के विश्व कप विजेता स्टोक्स ने 2019 वनडे विश्व कप और 2022 टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इन जीत में उनका बहुत बड़ा योगदान था। इसी कारण उन्हें कप्तानी के लिए एक प्रमुख उम्मीदवार बताया जा रहा है। ECB प्रबंध निदेशक ने पुष्टि की है कि वे स्टोक्स को इस भूमिका के लिए गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने यह फैसला उनके शानदार रिकॉर्ड्स को देखकर लिया है।

कप्तान

स्टोक्स को कप्तान बनाए जाने को लेकर हो रहा सोच-विचार 

बीबीसी रेडियो लाइव से बात करते हुए रॉब ने खुलासा किया कि उन्होंने हाल ही में स्टोक्स के साथ संभावित कप्तानों के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, "अभी तक औपचारिक रूप से कुछ भी कहा नहीं जा सकता। स्टोक्स ने संभावना से इनकार नहीं किया। बटलर की कप्तानी छोड़ने के दूसरे दिन मेरी स्टोक्स से बात हुई। मैंने उनसे कहा कि आपको सफेद गेंद की क्रिकेट में कप्तान बनाने को लेकर सोच-विचार किया जा रहा है।"

तैयारी

स्टोक्स वापसी की कर रहे हैं तैयारी 

टेस्ट क्रिकेट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के बावजूद स्टोक्स अभी अबू धाबी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सफेद गेंद की क्रिकेट में ये उनके संभावित वापसी का संकेत है। हालांकि, इस प्रारूप की मांग और इसके व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में उनकी उपलब्धता को प्रभावित कर सकते हैं। ECB को स्टोक्स की भूमिका को लेकर विचार करना होगा। उनकी पिछली चोटों के संघर्ष, 2022 से वनडे क्रिकेट से दूरी कई सवाल भी खड़े करेंगे।

करियर

वनडे और टी-20 में स्टोक्स के आंकड़े 

33 वर्षीय स्टोक्स का वनडे क्रिकेट करियर काफी शानदार रहा है। उन्होंने 114 वनडे मैचों में 41.22 की औसत और 95.68 की स्ट्राइक रेट से 3,463 रन बनाए हैं। 102 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने 5 शतक और 24 अर्धशतक जमाए हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 42.39 की औसत से 74 विकेट लिए हैं। एक मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 61 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है। 43 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 585 रन और 26 विकेट लिए हैं।