BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मोहम्मद सिराज को लेकर तोड़ी चुप्पी, दिया ये बड़ा बयान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लेकर बड़ा बयान दिया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से सिराज को मौका नहीं मिला था। राजीव ने इस मामले में हो रहे राजनीतिक विवाद को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि सिराज को ऐसे विवादों में नहीं घसीटना चाहिए, क्योंकि प्लेइंग इलेवन में किसे शामिल करना है, इसका फैसला टीम प्रबंधन के अधिकार क्षेत्र में आता है।
आरोप
BCCI पर लग रहे थे ये आरोप
शुक्ला का यह बयान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के आरोपों के बाद आया है।
मसूद ने दावा किया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को उनके नाम की वजह से प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया और चयन प्रक्रिया में भेदभाव किया गया।
हालांकि, BCCI उपाध्यक्ष ने क्रिकेट से जुड़े फैसले को राजनीतिक रंग देना अनुचित बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम प्लेइंग इलेवन चुनने की जिम्मेदारी कप्तान और कोच की होती है।
बयान
BCCI उपाध्यक्ष ने क्या कहा?
शुक्ला ने ANI से कहा, "ऐसा नहीं है कि टेस्ट मैच सिर्फ इसलिए ड्रॉ हुआ क्योंकि सिराज नहीं खेल रहे थे। मुझे नहीं लगता कि सिराज को इस तरह के विवादों में घसीटना चाहिए। उनके आसपास इस तरह की बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। आखिरकार वह टीम के सदस्य हैं और टीम में चुना जाना ही किसी खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।"
उन्होंने सिराज को लेकर हो रही राजनीतिक टिप्पणियों को अनुचित बताया।
टीम
सिराज भी ऐसी बयानबाजी नहीं पसंद करेंगे- शुक्ला
शुक्ला ने आगे कहा, "सिराज को टीम में चुना गया था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में किन 11 खिलाड़ियों को उतारना है इसका फैसला कोच और कप्तान करते हैं। वे पिच की स्थिति और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर यह निर्णय लेते हैं। किसी खिलाड़ी को जगह नहीं मिलने पर राजनीतिक या दूसरे विवाद खड़े करना उचित नहीं है। यह सिराज के लिए भी अच्छा नहीं है और वह खुद भी निश्चित रूप से ऐसी बयानबाजी पसंद नहीं करेंगे।"
कप्तान
सिराज को लेकर कप्तान गिल ने कही थे ये बात
कप्तान शुभमन गिल ने पहले टेस्ट के बाद सिराज के लिए कहा था कि उन्होंने मैच के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमण उतारा था।
उन्होंने कहा था, "सिराज महान खिलाड़ी और शानदार गेंदबाज हैं जिन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। वह मेरे अच्छे दोस्त भी हैं। हमने एक साथ डेब्यू किया था। भारत के लिए खेलने से पहले भी वह मेरे दोस्त थे। इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखना मेरे लिए एक बहुत ही कठिन फैसला था।"