अंडर-19 विश्व कप: BCCI ने भारतीय टीम पर की धनवर्षा, जानिए कितने पैसे मिलेंगे
क्या है खबर?
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को हराकर छठी बार विश्व कप का खिताब जीता। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम के ऊपर धनवर्षा कर दी है। ANI के अनुसार, BCCI ने विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये इनाम देने का ऐलान किया है। बता दें कि अंडर-19 विश्व कप में कोई आधिकारिक इनामी राशि नहीं होती है। यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए खेला जाता है।
बयान
BCCI सचिव ने क्या दिया बयान?
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ANI से बातचीत में कहा, "पूरा देश और BCCI अंडर-19 विश्व कप 2026 जीतने वाली हमारी टीम पर गर्व करता है। जिस तरह हमारी टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराया और पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रही, वह काबिल-ए-तारीफ है। BCCI टीम को 7.5 करोड़ रुपये की नकद इनाम राशि देगा।" महिलाओं के अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025 में भारत की जीत पर BCCI ने 5 करोड़ रुपये दिए थे।
जीत
भारत को फाइनल में ऐसे मिली जीत
फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला सही साबित हुआ। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 175 रन की धमाकेदार पारी खेली। कप्तान आयुष के बल्ले से 53 रन निकले। भारत ने 411/9 का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 311 रन पर ही रोक दिया। इंग्लैंड के लिए कालेब फाल्कनर ने 115 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।