LOADING...
भारतीय क्रिकेट टीम के लगातार खराब प्रदर्शन की समीक्षा करेगा BCCI, कमियों पर होगी चर्चा
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई है (फाइल तस्वीर)

भारतीय क्रिकेट टीम के लगातार खराब प्रदर्शन की समीक्षा करेगा BCCI, कमियों पर होगी चर्चा

Jul 10, 2026
08:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के लगातार खराब प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) चिंतित है। बोर्ड ने अब आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज में टीम के प्रदर्शन की समीक्षा करने का फैसला किया है। इस समीक्षा में टीम के मुख्य खिलाड़ियों और कोर ग्रुप के सदस्यों से चर्चा की जाएगी। BCCI टीम के प्रदर्शन, रणनीति और सुधार के क्षेत्रों पर बातचीत कर आगे की योजना तैयार करेगा। भारतीय टीम इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज हारी है।

बयान

BCCI ने क्या कहा?

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, "इंग्लैंड दौरे पर क्या गलत हुआ इस पर चर्चा करने के लिए टीम के कोर सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की जाएगी। हम फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी-20 सीरीज में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर नजर रख रहे हैं जो उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।" हालांकि, सैकिया ने इसे असामान्य स्थिति नहीं बताया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा हो सकता है। उन्होंने इसे टीम का खराब दौर करार दिया।

संघर्ष

विदेशी परिस्थितियों में भारतीय खिलाड़ी कर रहे हैं संघर्ष 

भारतीय टीम इस प्रारूप की मौजूदा विश्व चैंपियन है और उसने घरेलू मैदान पर टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था। हालांकि, विदेशी परिस्थितियों में खिलाड़ियों को संघर्ष करना पड़ा है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में ऑरेंज कैप जीतकर सुर्खियों में आए वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। युवा बल्लेबाज अपने शुरुआती 3 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 14, 13 और 15 रन ही बना सके हैं। अब उनकी नजरें वापसी कर बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।

Advertisement

मुकाबला

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में एक भी मैच नहीं जीती है भारतीय टीम 

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अभी तक एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी है। विश्व कप के बाद उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान संभाली थी। श्रेयस के नेतृत्व में खेले गए 6 मुकाबलों में भारत को 5 में हार मिली है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। BCCI सचिव ने कहा कि समीक्षा बैठक में केवल टीम के प्रदर्शन और कमियों को दूर करने के तरीकों पर चर्चा होगी। किसी अन्य मुद्दे पर बात नहीं होगी।

Advertisement

हार

भारतीय टीम के नाम जुड़ा हार का ये अनचाहा रिकॉर्ड 

इंग्लैंड ने पहली बार भारत को 2 या उससे अधिक मुकाबलों वाली द्विपक्षीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में हराया है। इससे पहले किसी द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ भारत को हार नहीं मिली थी। भारत की इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में पिछली 2 हार 2018 के दौरे पर आई थीं। उस दौरान भारत को वनडे सीरीज में 2-1 और टेस्ट सीरीज में 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

Advertisement