BCCI सचिव ने भारतीय टीम के नकवी से ट्रॉफी न लेने के फैसले का किया समर्थन
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले में श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम को 72 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। इसके बाद भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सचिव देवजीत सैकिया ने टीम के इस फैसले का पूरी तरह समर्थन किया है।
देरी
पुरस्कार वितरण समारोह में हुई 50 मिनट की देरी
खिताबी मुकाबले के बाद भारतीय टीम के नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार करने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में करीब 50 मिनट की देरी हुई।
इसके बाद विजेता ट्रॉफी प्रदान किए बिना समारोह आगे बढ़ाने का फैसला किया गया।
बड़ी बात यह रही कि BCCI सचिव सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मैदान पर मौजूद थे, लेकिन वे भी मंच पर नहीं गए और न ही नकवी के साथ मंच साझा किया। इससे तनाव और बढ़ गया।
बयान
सैकिया ने क्या दिया बयान?
इस पूरे घटनाक्रम पर BCCI सचिव सैकिया ने मीडिया से बात करते हुए टीम के रुख को सही ठहराया।
उन्होंने कहा, "हमारा मुख्य उद्देश्य मैदान पर जाना, अच्छा क्रिकेट खेलना और मैच जीतना था, जो हमारी लड़कियों ने बखूबी किया। जहां तक ट्रॉफी न लेने की बात है, तो टीम को इसका कोई पछतावा नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारे और खिलाड़ियों के लिए देश का स्वाभिमान और हमारे सिद्धांत किसी भी कप या ट्रॉफी से बहुत ऊपर हैं।"
हवाला
सैकिया ने दिया राजनीतिक और कूटनीतिक स्थिति का हवाला
सैकिया ने मामले में राजनीतिक और कूटनीतिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा, "मौजूदा परिस्थितियों और सीमा पार के घटनाक्रमों को देखते हुए भारतीय टीम का यह फैसला पूरी तरह से सही है। हम ऐसे किसी भी व्यक्ति या मंच के सामने नहीं झुक सकते जो हमारे देश की भावनाओं के खिलाफ हो।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारी टीम ने खेल भावना का सम्मान किया, लेकिन राष्ट्रीय गौरव से समझौता नहीं किया जा सकता है।"
स्पष्ट
पहलगाम आतंकी हमले के बाद बदल गई पूरी स्थिति- सैकिया
सैकिया ने कहा, "अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले की घटना के बाद से हमारी पूरी स्थिति बदल गई। उसके बाद से हमारे नागरिकों की ओर से हम पर दबाव था कि हमें अपने पड़ोसी देश के साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहिए और उनके साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के प्रमुख नेताओं में से एक नकवी हमारे देश के हितों के खिलाफ काम कर रहा है। हम उससे ट्रॉफी स्वीकार नहीं कर सकते।"
स्पष्टीकरण
सैकिया ने फाइनल में नकवी से हुई बात पर क्या कहा?
सैकिया ने कहा, "हां, रॉयल बॉक्स में एक सामान्य शिष्टाचार के नाते मुलाकात हुई थी, जिसे कूटनीतिक शिष्टाचार कहा जा सकता है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि हम मंच पर जनता के सामने भी वही रुख अपनाएं। हमारी टीम का अगला लक्ष्य पूरी तरह से जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेल हैं।"
उन्होंने संबंध सुधारने को लेकर कहा, "आज की स्थिति में, हमने गतिरोध सुलझाने की कोशिश की, लेकिन हम असफल रहे। हमें इसका कोई अफसोस नहीं है।"
परिणाम
भारत ने इस तरह जीता मुकाबला
भारत से पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना (59) और शफाली वर्मा (68) के अर्धशतकों से अच्छी शुरुआत की। इसके बाद टीम ने 5 विकेट पर 185 रन का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में इमेशा दुलानी (4) के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान चमारी अट्टापट्टू (36) और विशमी गुणरत्ने (20) ने पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन पूरी टीम 111 रन पर ढेर हो गई।
भारत से श्रीचरण ने सर्वाधिक 4 और दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट चटकाए।