BCCI ने जारी किया घरेलू सीजन 2026-27 का शेड्यूल, 11 अक्टूबर से शुरू होगी रणजी ट्रॉफी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू क्रिकेट सीजन 2026-27 के शेड्यूल की घोषणा की है, जिसमें कुल 1,788 मैच (विभिन्न आयु वर्ग और प्रारूप में) खेले जाएंगे। आगामी सीजन की शुरुआत दलीप ट्रॉफी से होगी, जो 23 अगस्त से खेली जाएगी। इस टूर्नामेंट के मैच बेंगलुरु में खेले जाने हैं। इसके बाद 1 से 5 अक्टूबर को ईरानी कप खेला जाएगा। यह प्रथम श्रेणी मैच श्रीनगर में आयोजित होगा।
रणजी
11 अक्टूबर से शुरू होगी रणजी ट्रॉफी
एक बार फिर, रणजी ट्रॉफी 2 हिस्सों में खेली जाएगी, जिसका दूसरा हिस्सा विजय हजारे ट्रॉफी के समापन के बाद शुरू होगा। रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम के मुताबिक, इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी का दूसरा चरण 17 जनवरी से 4 फरवरी, 2027 तक खेला जाएगा। इसके बाद नॉकआउट मैच 9 फरवरी से 3 मार्च तक खेले जाएंगे। प्लेट डिवीजन का फाइनल जनवरी 2027 के अंत में होगा।
टी-20
14 नवंबर से शुरू होगी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी
टी-20 प्रारूप में होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी नवंबर में लीग और नॉकआउट स्टेज के साथ खेली जाएगी। मुंबई, वाइजेक, कोलकाता और मोहाली 14 नवंबर से 26 नवंबर लीग चरण (एलीट) के मैचों की मेजबानी करेंगे, जबकि नॉकआउट मुकाबले 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक नागपुर में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के प्लेट डिवीजन में लीग चरण 22 नवंबर को समाप्त हो जाएंगे और फाइनल 24 नवंबर को होगा। ये सभी मैच दीमापुर में खेले जाएंगे।
जानकारी
14 दिसंबर से शुरू होगी विजय हजारे ट्रॉफी
50 ओवर प्रारूप में खेली जाने वाली विजय हजारे ट्रॉफी का शेड्यूल घोषित कर दिया है। यह टूर्नामेंट 14 दिसंबर, 2026 से 8 जनवरी, 2027 तक खेला जाएगा। नॉकआउट मैच 2 जनवरी, 2027 से शुरू होंगे।
महिला क्रिकेट
26 अक्टूबर से शुरू होगी सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी
सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी (एलीट) 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक लखनऊ, पुणे, दिल्ली और मोहाली में खेली जाएगी। नॉकआउट मुकाबले 14 से 20 नवंबर तक अहमदाबाद में होंगे। प्लेट डिवीजन के मैच 2 नवंबर तक दीमापुर में खेले जाएंगे, जिसका फाइनल 4 नवंबर को होना तय है। महिला वनडे ट्रॉफी एलीट के लिए 19 दिसंबर से 31 दिसंबर तक कटक, जयपुर, बड़ौदा और रायपुर में मैच खेले जाएंगे, जबकि नॉकआउट मुकाबले 4 से 10 जनवरी तक चेन्नई में होंगे।