Page Loader
IPL: BCCI ने तैयार किया नया प्लान, जोड़ी जाएंगी दो नई फ्रेंचाइजियां और होगा मेगा ऑक्शन
IPL में होने वाला है बड़ा बदलाव

IPL: BCCI ने तैयार किया नया प्लान, जोड़ी जाएंगी दो नई फ्रेंचाइजियां और होगा मेगा ऑक्शन

लेखन Neeraj Pandey
Jul 05, 2021
11:26 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के लिए अपना प्लान तैयार कर लिया है। लीग में दो नई फ्रेंचाइजियों को जोड़ा जाएगा और इस बार एक मेगा ऑक्शन कराया जाएगा। मेगा ऑक्शन और नई फ्रेंचाइजियों को जोड़ने के अलावा भी अगले सीजन से पहले कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कि BCCI नए सीजन से पहले क्या-क्या बदलाव करने की कोशिश में है।

जानकारी

अगस्त में जारी किए जा सकते हैं नई फ्रेंचाइजियों के टेंडर

बोर्ड ने दो नई फ्रेंचाइजियों को लाने का मन बना लिया है और इसके लिए टेंडर अगस्त के मध्य में जारी किए जा सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप, अडानी ग्रुप, ऑरबिंदो फॉर्मा और टॉरेंट ग्रुप ने इंट्रेस्ट दिखाया है।

सैलरी पर्स

सैलरी पर्स में भी की जाएगी बढ़ोत्तरी

BCCI सैलरी पर्स में भी बढ़ोत्तरी करने वाली है और अब इसे 85 करोड़ से बढ़ाकर 90 करोड़ रुपये किए जाएंगे। इसका मतलब होगा कि सभी 10 फ्रेंचाइजियों में मिलाकर कुल 50 करोड़ रूपये का सैलरी पर्स जोड़ा जाएगा। फ्रेंचाइजियों को 75 प्रतिशत सैलरी पर्स खर्च करना अनिवार्य होगा। अगले तीन सालों में पर्स को बढ़ाकर 90 से 95 और फिर 2024 सीजन से पहले 100 करोड़ रुपये तक किया जाएगा।

रिटेन

चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी फ्रेंचाइजियां

खिलाड़ियों को रिटेन करने की प्रक्रिया भी फाइनल हो गई है। सभी फ्रेंचाइजियां अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी जिसमें तीन भारतीय और एक विदेशी अथवा दो भारतीय और दो विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। जो फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों को रिटेन करेगी उन्हें नीलामी में जाने से पहले निश्चित राशि अपने सैलरी पर्स में से घटानी होगी। तीन खिलाड़ियों को रिटेन करने पर 15, 11 और सात करोड़ रूपये घटाने होंगे।

मीडिया अधिकार

मीडिया अधिकार भी बेचेगी BCCI

2021 की समाप्ति में बोर्ड अपने मीडिया अधिकारों को भी बेचने पर निगाह बनाए हुई है। IPL 2023 को जल्दी शुरु कराने के लिए बोर्ड के पास संभवतः मार्च का महीना होगा। यदि ऐसा होगा तो बोर्ड आराम से 90 से अधिक मैचों का आयोजन कर सकेगी। कोरोना महामारी के बीच ओवर द टॉप (OTT) प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ अधिक हुई है और इस बार लीग के मीडिया अधिकार में 25 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।