LOADING...
BCCI ने RR के टीम मैनेजर को भ्रष्टाचार विरोधी प्रोटोकॉल उल्लंघन मामले में दिया नोटिस- रिपोर्ट
BCCI ने RR के टीम मैनेजर रोमी भिंडर (दाएं) को भ्रष्टाचार विरोधी प्रोटोकॉल उल्लंघन मामले में नोटिस दिया है

BCCI ने RR के टीम मैनेजर को भ्रष्टाचार विरोधी प्रोटोकॉल उल्लंघन मामले में दिया नोटिस- रिपोर्ट

Apr 13, 2026
10:40 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के टीम मैनेजर रोमी भिंडर से जुड़ा मोबाइल फोन विवाद सोमवार को और बढ़ गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भ्रष्टाचार विरोधी प्रोटोकॉल के उल्लंघन के मामले में सख्त कदम उठाते हुए भिंडर को नोटिस जारी कर औपचारिक जांच शुरू कर दी है। बता दें कि भिंडर को 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था।

नोटिस

BCCI की ACSU ने भेजा भिंडर को नोटिस

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI की भ्रष्टाचार विरोधी और सुरक्षा इकाई (ACSU) ने मामले की जांच में कदम उठाते हुए भिंडर को नोटिस भेजा है। जांच के तहत, भिंडर को फोन के इस्तेमाल का कारण बताते हुए जवाब दाखिल करने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है। IPL गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने बताया, "हमने ACSU से घटना की जांच करने और रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा है। मामले की जांच जारी है।"

नियम

क्या है मैच के दौरान फोन के इस्तेमाल का नियम?

BCCI के खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र (PMOA) प्रोटोकॉल के तहत डगआउट में बैठकर मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। टीम मैनेजरों को केवल ड्रेसिंग रूम में मोबाइल फोन का उपयोग करने की अनुमति है, जबकि डगआउट में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग केवल नामित टीम विश्लेषक तक ही सीमित है। इसके बाद भी भिंडर ने मैच के दौरान डगआउट में वैभव सूर्यवंशी के साथ बैठकर मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था।

Advertisement

कारण

भिंडर के मोबाइल फोन इस्तेमाल के पीछे क्या रहा कारण?

रिपोर्ट के अनुसार, भिंडर के फोन इस्तेमाल का संबंध उनकी किसी स्वास्थ्य समस्या से हो सकता है। वह अतीत में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ चुके हैं और फेफड़े में चोट लगने के कारण उन्हें नागपुर के एक अस्पताल में लंबे समय तक भर्ती भी रहना पड़ा था। हालांकि, भिंडर को चिकित्सा कारणों से अपना फोन डगआउट में ले जाने की अनुमति है, फिर भी उनके पास वहां बैठे हुए फोन का उपयोग करने के लिए आवश्यक छूट नहीं है।

Advertisement

बयान

RR की ओर से भी सामने आया बयान

RR से जुड़े सूत्र ने कहा, "भिंडर का वजन स्वास्थ्य समस्याओं से 10 किलोग्राम से अधिक कम हुआ है। उन्हें अस्थमा भी है, जिसके कारण उन्हें लंबी दूरी तक चलने या बार-बार सीढ़ियां चढ़ने से मना किया गया है। वह टीम के साथ हैं और फ्रेंचाइजी के लिए कई भूमिकाएं निभा चुके हैं। डगआउट में मोबाइल फोन और लैपटॉप रखना अनुमत है। वह कॉल नहीं कर रहे थे। उनके पास समय है और वह अपना पक्ष समझाने का प्रयास करेंगे।"

Advertisement