BCCI ने 'स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन' पद के प्रमुख के लिए जारी किए आवेदन, जानिए योग्यता
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में 'स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन' पद के प्रमुख के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पद पर चयनित उम्मीदवार BCCI के स्पोर्ट्स साइंस और मेडिसिन सेवाओं नेतृत्व करेगा। इसमें भारतीय टीम और COE के खिलाड़ियों के लिए चोटों से बचाव, रिकवरी, रिहैबिलिटेशन, फिटनेस और फिजिकल डेवलपमेंट कार्यक्रमों का संचालन शामिल है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
जिम्मेदारी
ये होंगी जिम्मेदारियां
क्रिकेट के खेल में चोटिल खिलाड़ियों की चुनौती से निपटने के लिए यह विभाग होता है।
हाल ही में भारत के कई खिलाड़ी चोट के बाद CoE में रिकवर हुए हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, उम्मीदवार को हेड ऑफ फिजियोथेरेपी (CoE), भारतीय टीम के हेड ऑफ फिजियोथेरेपी, हेड स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग (CoE) और टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग का लाइन मैनेजमेंट भी करना होगा।
साथ ही राष्ट्रीय और CoE कोचों के साथ मिलकर इंटीग्रेटेड सपोर्ट प्रोग्राम तैयार करने की जिम्मेदारी होगी।
शर्त
BCCI ने आवेदन के लिए रखी हैं ये शर्तें
BCCI के अनुसार, आवेदक के पास स्पोर्ट्स साइंस या संबंधित विषय में मास्टर्स डिग्री अनिवार्य है।
इसमें पीएचडी वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी। इसमें मल्टी-डिसिप्लिनरी टीमों के नेतृत्व का न्यूनतम 5 साल का अनुभव जरूरी है।
ओलंपिक या प्रोफेशनल स्तर की हाई-परफॉर्मेंस टीमों के साथ काम का अनुभव भी अपेक्षित है। उम्र सीमा 60 वर्ष से कम रखी गई है।
आवेदन की आखिरी तारीख 30 सितंबर रखी गई है।