IPL में बेंच पर बैठे खिलाड़ियों के लिए BCCI ने लाया नया नियम, जानिए पूरी जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के लिए नया नियम लागू किया है, जिसके तहत बेंच पर बैठे खिलाड़ियों की मैदान पर आवाजाही की रोक लगाई गई है। अब अतिरिक्त खिलाड़ी मैच के दौरान मैदान के आसपास घूम नहीं सकेंगे। साथ ही, टीम प्रबंधन द्वारा घोषित 16 खिलाड़ियों की सूची में शामिल न होने वाले किसी भी खिलाड़ी को मैदान पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इस नियम को टीमों से साझा किया जा चुका है।
नियम
नया नियम क्या कहता है?
नए नियम के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन बोर्ड और लीग प्रबंधन ने टीम प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसके तहत 16 खिलाड़ियों की सूची से बाहर कोई भी खिलाड़ी मैदान पर ड्रिंक्स, बल्ला या संदेश लेकर नहीं जाएगा। एक समय में 5 खिलाड़ी सीमा रेखा के पास रहेंगे। ये खिलाड़ी 16 में शामिल हों या बाकी दल से, संख्या 5 से ज्यादा नहीं होगी। आमतौर पर ये ड्रिंक्स या गेंद लाने का काम करते हैं।
टीम
अंपायर से बिना पूछे ड्रिंक्स लेकर मैदान पर नहीं जा पाएंगे खिलाड़ी
नया फैसला मैच खेलने की शर्तों के दो मौजूदा प्रावधानों- 11.5.2 और 24.1.4 को और सख्त बनाने से जुड़ा है। प्रावधान 11.5.2 के अनुसार, किसी खिलाड़ी को पानी केवल सीमा रेखा पर या विकेट गिरने के समय ही दिया जा सकता है, बशर्ते खेल में समय बर्बाद न हो। इसके अलावा अंपायर की अनुमति के बिना मैदान पर कोई ड्रिंक्स नहीं ले जाया जा सकता। साथ ही, पेय लेकर जाने वाले खिलाड़ी को उचित क्रिकेट पोशाक में होना जरूरी है।
खिलाड़ी
खिलाड़ियो से कही गई ये बात
नियम 24.1.4 के मुताबिक, जो खिलाड़ी मैच नहीं खेल रहे हैं और फील्डिंग में भी शामिल नहीं हैं, उन्हें मैदान पर रहने के दौरान टीम की ट्रेनिंग जर्सी पहनना जरूरी होगा। इसमें खेल बाउंड्री लाइन और बाहरी घेराबंदी के बीच का पूरा क्षेत्र भी शामिल है। IPL 2026 में अब तक 74 में से 13 मैच खेले जा चुके हैं। 14वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच हुआ।