Loading...
BCCI की उम्र धोखाधड़ी पर बड़ी कार्रवाई, रोहित यादव को भारतीय अंडर-19 टीम से किया बाहर
BCCI ने उम्र धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई की है

BCCI की उम्र धोखाधड़ी पर बड़ी कार्रवाई, रोहित यादव को भारतीय अंडर-19 टीम से किया बाहर

Sep 08, 2026
03:56 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जूनियर क्रिकेट में उम्र में धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की है। BCCI ने राजकोट और अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली आगामी घरेलू सीरीज के लिए घोषित भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल स्पिनर रोहित यादव को बाहर कर दिया है। इसके साथ ही रोहित पर सभी घरेलू और आयु-वर्ग प्रतियोगिताओं में खेलने से 2 साल का कड़ा प्रतिबंध भी लगाया गया है।

कारण

क्यों हुई कार्रवाई?

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) और BCCI उम्र सत्यापन शाखा द्वारा की गई जांच में रोहित के आधिकारिक दस्तावेजों में बड़ी विसंगतियां पाई गईं।

उनके अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्रों और आधार कार्ड के बार-बार अपडेट किए गए रिकॉर्ड में जन्म का साल 2006 से 2010 के बीच अलग-अलग दर्शाया गया था।

इसके बाद हाल में श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर 6 विकेट चटकाने वाले रोहित को तत्काल प्रभाव से टीम से बाहर कर दिया गया है।

प्रतिस्थापन

टीम ने शामिल किए गए 2 खिलाड़ी

जूनियर क्रिकेट चयन समिति ने टीम से रोहित को बाहर करने के बाद दोनों प्रारूपों के लिए प्रतिस्थापन की घोषणा की है।

वनडे टीम में रोहित की जगह सौराष्ट्र के आर्यन सवसाणी को शामिल किया गया है। इसी तरह 4 दिवसीय मैचों के लिए घोषित टीम में हरियाणा के तन्मय बलोदा को जगह दी गई है।

वनडे सीरीज के लिए लक्ष्य रायचंदानी कप्तान और यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। इसी तरह टेस्ट मैचों में चौहान कप्तान और रायचंदानी उपकप्तान होंगे।

ADVERTISEMENT