रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर BCCI ने दिया आश्वासन, कहा- अटकलों पर यकीन न करें
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर, BCCI के शीर्ष अधिकारी और भारतीय कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के बीच गुरुवार (3 सितंबर) को मुंबई में बैठक संपन्न हुई। इस बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कोई खतरा नहीं है और ऐसे में वह वनडे विश्व कप 2027 में खेलने के लिए दावेदार बने हुए हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
सचिव देवजीत सैकिया ने अटकलों को किया खारिज
रेवस्पोर्ट्ज के मुताबिक, BCCI हेडक्वार्टर में भारतीय टीम के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, "आपने देखा होगा कि वह शानदार खेल रहे हैं। अपने आखिरी मैच में उन्होंने 130-140 रन बनाए थे। तो फिर अटकलें क्यों लगाई जा रही हैं? मैं अटकलें लगाने वालों को कोई मौका नहीं देना चाहता।"
रिपोर्ट्स के अनुसार, BCCI के प्रमुख चयनकर्ता अजीत अगरकर इस बैठक में शामिल नहीं हो सके थे।
शतक
रोहित ने अपने आखिरी वनडे में लगाया था शतक
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले 2 मैचों की असफलता के बाद रिपोर्ट आई थी कि यह रोहित की आखिरी सीरीज होगी।
इससे उनके भविष्य पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में रोहित ने 110 गेंदों पर 138 रन की पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब दे दिया था।
2026 में रोहित ने 9 वनडे पारियों में 42.11 की औसत से 379 रन बनाए हैं।