BCCI के प्रसारण इंजीनियर का मुंबई के होटल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांच के बीच हैरान बड़ी दुखद खबर आई है। IPL मैचों के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ प्रसारण इंजीनियर के रूप में काम कर रहे एक ब्रिटिश नागरिक का शव मुंबई के ट्राइडेंट होटल के कमरे में संदिग्धावस्था में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। आइए पूरा मामला जानते हैं।
घटना
क्या है पूरी घटना?
पुलिस के अनुसार, मृतक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड है। वह 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में थे और IPL मैच कवरेज का काम देख रहे थे। 29 मार्च को मैच खत्म होने पर वह अपने कमरे में लौटे, लेकिन 30 मार्च को उन्होंने होटल रिसेप्शन के कॉल का जवाब नहीं दिया। इसके बाद होटल स्टाफ ने मास्टर चाबी से उनका कमरा खोला तो वह फर्श पर अचेत हालत में पड़े मिले। इसके बाद होटल के डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया।
कार्रवाई
पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?
पुलिस ने बताया कि होटल डॉक्टर द्वारा इयान को मृत घोषित करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मरीन ड्राइव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। बता दें कि 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मुकाबला खेला गया था।