Loading...
फॉलोऑन मिलने के बाद भी इन बल्लेबाजों ने टेस्ट की दोनों पारियों में लगाए हैं शतक
सोनल दिनुशा इस सूची में शामिल होने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बने

फॉलोऑन मिलने के बाद भी इन बल्लेबाजों ने टेस्ट की दोनों पारियों में लगाए हैं शतक

लेखन Manoj Panchal
Aug 28, 2026
07:26 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सोनल दिनुशा उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने फॉलोऑन मिलने पर भी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ कोलंबो में खेले गए दूसरे और आखिरी टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की। दिनुशा के 103 और नाबाद 133 रन की पारियों ने श्रीलंका को 2 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप से बचाने में मदद की। आइए ऐसे ही बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#3 

भारत के खिलाफ सोनल दिनुशा (2026)

कोलंबो में दिनुशा के शानदार प्रदर्शन ने उन्हें इस सूची में शामिल होने वाला केवल तीसरा बल्लेबाज बना दिया।

उन्होंने पहली पारी में 103 रन बनाए थे। फिर दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 133 रनों की पारी खेली।

मैच में पहले खेलते हुए मेजबान भारत ने 503/9 पर पारी घोषित की तो जवाब में श्रीलंका ने 290 रन बनाए। फॉलोऑन मिलने के बावजूद श्रीलंका ने शानदार वापसी की और दूसरी पारी में 429/9 का स्कोर बनाया और मैच ड्रॉ रहा।

#2 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एंडी फ्लावर (2001)

जिम्बाब्वे के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एंडी फ्लावर ने 2001 के हरारे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी 600/3 पर घोषित की, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे 286 रन पर सिमट गई। फ्लावर ने 142 रन की पारी खेली।

फॉलोऑन के बाद उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 470 गेंदों पर नाबाद 199 रन बनाए।

जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में 391 रन बनाए, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने 9 विकेट से मैच जीत लिया।

ADVERTISEMENT

#1 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विजय हजारे (1948)

पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी विजय हजारे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज थे।

1948 के एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 674 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 381 रन पर सिमट गई, जिसमें हजारे ने 116 रन बनाए।

फॉलोऑन मिलने के बाद उन्होंने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी की और 372 गेंदों पर 145 रन बनाए। हालांकि, भारत 277 रन पर ऑलआउट हो गया और ऑस्ट्रेलिया ने पारी से जीत दर्ज की।

ADVERTISEMENT