महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4,000 से अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज, जानिए शीर्ष पर कौन
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शनिवार को इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेले गए टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 26 रनों से हार झेलनी पड़ी। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। मैच में खेली अपनी 28 रन की पारी के दौरान 9वां रन बनाते ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4,000 रन बनाने वाली तीसरी महिला क्रिकेटर बन गईं। आइए अन्य खिलाड़ियों पर भी नजर डालते हैं।
#1
सूजी बेट्स - 4,720 रन
महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे पहले 4,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स के नाम दर्ज हैं। वह इस प्रारूप में 183 मैचों में 28.78 के औसत से 4,720 रन के साथ सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने 29 बार 50 रन का आंकड़ा पार किया है और एक शतक भी जड़ा है। उनकी स्ट्राइक रेट 108.35 की है। गेंदबाजी में उन्होंने 23.87 के औसत से 62 विकेट भी चटकाए हैं।
#2
स्मृति मंधाना - 4,313 रन
हरमनप्रीत की लंबे समय से साथी खिलाड़ी रहीं स्मृति मंधाना इस प्रारूप में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने 165 महिला 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 30.03 की औसत से 4,325 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 124.63 की रही है। गौरतलब है कि मंधाना ने महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा 50 से अधिक रन के स्कोर बनाए हैं। उन्होंने 34 बार यह कारनामा किया है, जिसमें एक शतक भी शामिल है।
#3
हरमनप्रीत कौर - 4,019 रन
जैसा कि बताया गया है हरमनप्रीत अब इस विशिष्ट सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 196 मैच खेल चुकी भारतीय कप्तान ने 29.77 के औसत से कुल 4,019 रन बनाए हैं। उनके खाते में एक शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं और उनकी स्ट्राइक रेट 109.93 की रही है। गौरतलब है कि हरमनप्रीत इस प्रारूप में सबसे अधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ी भी हैं।