Page Loader
IPL इतिहास में 20वें ओवर में 30+ रन बनाने वाले बल्लेबाज
एक ओवर में 36 रन बना चुके हैं जडेजा (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में 20वें ओवर में 30+ रन बनाने वाले बल्लेबाज

Mar 19, 2025
06:30 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की शुरुआत 22 मार्च को गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच होने वाले मैच से हो जाएगी। आगामी सीजन में भी विश्व के तमाम शीर्ष बल्लेबाज अपने प्रदर्शन से सबको हैरान करने के लिए तैयार होंगे। इस बीच IPL के इतिहास में उन बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने पारी के 20वें ओवर में 30 या उससे अधिक रन बटोरे हैं।

#1 

रविंद्र जडेजा (36 रन बनाम RCB, 2021)

रविंद्र जडेजा ने RCB के खिलाफ IPL 2021 में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने CSK की पारी का 20वां ओवर करने आए हर्षल पटेल की जमकर पिटाई की थी। जडेजा ने उस ओवर में 6, 6, 6, 6, 2, 6, 4 रन के स्कोर किए थे। बता दें कि हर्षल ने तीसरी गेंद नो बॉल की थी। जडेजा ने 28 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाए और CSK ने मैच में 69 रन से जीत दर्ज की थी।

जानकारी

सबसे महंगा ओवर करने वाले गेंदबाज बने थे हर्षल 

हर्षल ने उस ओवर में कुल 37 रन दिए, जो कि IPL इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर है। उन्होंने कोच्चि टस्कर्स केरला के प्रशांत परमेश्वरन की बराबरी की, जिन्होंने अपने ओवर में कुल 37 रन (बनाम RCB, 2011) लुटाये थे।

#2 

रोमारियो शेफर्ड (32 रन बनाम DC, 2024)

IPL 2024 में MI से खेलते हुए रोमारियो शेफर्ड ने DC के खिलाफ 10 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए थे। उन्होंने एनरिक नोर्खिया के ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़ा था। उन्होंने दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार 3 छक्के जड़े, जबकि 5वीं गेंद पर चौका लगाया और आखिरी गेंद पर फिर से छक्का जड़ते हुए कुल 32 रन बटोरे थे। MI ने पहले खेलते हुए 234/5 का स्कोर बनाया और मैच में जीत दर्ज की थी।

#3 

रिंकू सिंह (30 रन बनाम GT, 2023)

IPL 2023 में KKR से खेलते हुए रिंकू सिंह ने GT के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेली थी। उस मैच में KKR को जीत के लिए आखिरी ओवर में 28 रन की दरकार थी और रिंकू ने टीम को जीत दिलाई थी। बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने यश दयाल के ओवर की शुरुआती 5 गेंदों पर छक्के लगा दिए थे। रिंकू 21 गेंदों पर 48 रन बनाकर नाबाद रहे थे।

#4 

इन बल्लेबाजों ने भी एक ओवर में बनाए हैं 30 या अधिक रन

IPL 2022 में KKR से कमिंस ने MI के डेनियल सैम्स के ओवर में 30 रन बनाए थे। IPL 2020 में RR से राहुल तेवतिया ने PBKS के कॉट्रेल के ओवर में 30 रन बटोरे थे। IPL 2016 में कोहली ने गुजरात के शिविल कौशिक के ओवर में 30 रन बनाए थे। इनके अलावा क्रिस गेल, वीरेंद्र सहवाग, सुरेश रैना और शॉन मार्श भी 30 या अधिक रन बना चुके हैं। हालांकि, ये रन आखिरी ओवर में नहीं आए थे।