कैरेबियन प्रीमियर लीग में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 में दासुन शनाका ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए CPL 2026 के 25वें मैच में सेंट लुसिआ किंग्स के खिलाफ नाबाद 121 रन बनाए। जोरदार लय में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में अपना शतक लगाया। इसके साथ ही वह CPL के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
#1
दासुन शनाका (39 गेंद)
मैच में पैट्रियट्स ने पहले खेलते हुए 89 रन के स्कोर पर जब अपना दूसरा विकेट खोया, तब शनाका क्रीज पर आए। अच्छी लय में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
आखिरी ओवरों के दौरान उन्होंने अपनी आक्रामकता में इजाफा किया और शतक पूरा किया।
वह 43 गेंदों में 121 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 8 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। उनकी टीम ने 235/4 का स्कोर बनाया और आखिर में मैच जीता।
#2
आंद्रे रसेल (40 गेंद)
CPL 2018 के तीसरे मैच में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने जमैका तल्लावास के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 223/6 का स्कोर बनाया था।
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए जमैका के आंद्रे रसेल ने 40 गेंदों में शतक पूरा किया था।
इस ऑलराउंडर ने 49 गेंदों में नाबाद 121 रन की पारी खेली थी। अपने इस शतक में उन्होंने 6 चौके और 13 छक्के लगाए थे।
आखिरकार जमैका ने उस मैच को जीता था।
#3
टिम सीफर्ट (40 गेंद)
CPL 2025 में सेंट लुसिआ की और से खेलते हुए टिम सीफर्ट ने एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ सिर्फ 40 गेंदों में शतक लगाया था।
वह 53 गेंदों में 125 रन बनाकर नाबाद रहे थे। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 10 चौके और 9 छक्के लगाए थे।
उस मैच में एंटीगुआ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 204/4 का स्कोर बनाया था।
जवाब में सीफर्ट के शतक की मदद से सेंट लुसिआ ने जीत दर्ज की थी।
#4
शिमरोन हेटमायर (40 गेंद)
CPL 2025 के 22वें मैच में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने त्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 185/5 का स्कोर (16 ओवर में) बनाया था।
बारिश से प्रभावित मैच में गुयाना की ओर से शिमरोन हेटमायर ने शतकीय पारी खेली थी।
उन्होंने 43 गेंदों में 8 चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 111 रन बनाए थे।
जवाब में त्रिनबागो की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 172/7 का स्कोर ही बना सकी थी।