बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान: मुशफिकुर रहीम ने दूसरे टेस्ट में लगाया शतक, हासिल की ये उपलब्धि
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट की अपनी दूसरी पारी में शतक (137) लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 14वां शतक साबित हुआ। इसके साथ-साथ पाकिस्तानी टीम के विरुद्ध यह रहीम के बल्ले से निकलने वाली दूसरी शतकीय पारी रही। वह बांग्लादेश की ओर से टेस्ट में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही रहीम की पारी
बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में जब 110 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब रहीम क्रीज पर आए। उन्होंने सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने एक छोर से टिककर बल्लेबाजी की। उन्होंने तीसरे दिन के दौरान अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। इस बीच उन्होंने लिटन दास के साथ 123 रन की साझेदारी भी निभाई। वह 233 गेंदों में 137 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल था।
रिकॉर्ड
टेस्ट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बांग्लादेशी बने रहीम
रहीम अब टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बांग्लदेश बल्लेबाज बने। उन्होंने मोमिनुल हक को पीछे छोड़ दिया है। बता दें कि मोमिनुल ने टेस्ट में अब तक 13 शतक लगाए हुए हैं। इनके बाद तमीम ने अपने टेस्ट करियर में 10 शतक लगाए थे। रहीम ने बांग्लादेश की धरती पर खेलते हुए अपना 8वां शतक लगाया। उन्होंने विदेशों में खेलते हुए 6 टेस्ट शतक लगाए हैं।
करियर
बांग्लादेश से सर्वाधिक टेस्ट रन वाले बल्लेबाज हैं रहीम
रहीम बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 102 टेस्ट की 188 पारियों में लगभग 40 की औसत से 6,700 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 14 शतक और 29 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 219* रन है। बांग्लादेश की ओर से उनके बाद तमीम इकबाल दूसरे स्थान पर हैं। तमीम ने बांग्लादेश के लिए 70 टेस्ट की 134 पारियों में 38.89 की औसत से 5,134 रन बनाए थे।
लेखा-जोखा
मैच में बांग्लादेश की स्थिति हुई बेहद मजबूत
बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में लिटन के शतक (126) की मदद से सभी विकेट खोकर 278 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तानी टीम बाबर आजम के अर्धशतक (68) के बावजूद 232 रन ही बना सकी थी। पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने वाली मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी में 390 रन बनाए। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को जीत के लिए 437 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया है।