बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड: नाहिद राणा ने दूसरे वनडे में लिए 5 विकेट, बनाया ये रिकॉर्ड
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे मैच में घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते ही कीवी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 198 रन पर सिमट गई। यह उनके वनडे करियर का दूसरा 5 विकेट हॉल साबित हुआ। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही नाहिद राणा की गेंदबाजी
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नाहिद ने लगातार 2 ओवरों में हेनरी निकोल्स (13) और विल यंग (2) को आउट किया। उन्होंने मध्यक्रम में मुहम्मद अब्बास (19) का विकेट चटकाते हुए अहम साझेदारी को तोड़ा। उनके अगले शिकार डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (15) और जेडन लेनोक्स (0) थे। उन्होंने 10 ओवरों में 32 रन देते हुए 5 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने एक ओवर मेडन किया।
आंकड़े
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट हॉल वाले तीसरे बांग्लादेशी
क्रिकइंफो के अनुसार, नाहिद वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ बांग्लादेश के लिए 5 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। वह रुबेल हुसैन (6/26) और आफताब अहमद (5/31) जैसे गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस तेज गेंदबाज ने 3 मैचों में 20.00 की औसत और 4.82 की इकॉनमी रेट के साथ 7 विकेट लिए। यह कीवी टीम के खिलाफ उनका पहला 5 विकेट हॉल है।
करियर
ऐसा है नाहिद राणा का वनडे करियर
नाहिद अपनी तेज गति की गेंदबाजी के लिए मशहूर हैं। वह लगातार 140 किलोमीटर/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। अपने वनडे करियर में उन्होंने 10 मैचों में 24.57 की औसत और 5.13 की इकॉनमी रेट के साथ 21 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। वह न्यूजीलैंड के अलावा पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।