बांग्लादेश ने पहले टी-20 में न्यूजीलैंड को हराया, सीरीज में बनाई बढ़त
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई। चटगांव में खेले गए मैच में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/6 का स्कोर बनाया। मेहमान टीम से कटेन क्लार्क (51) और डेन क्लीवर (51) ने अर्धशतक लगाए। जवाब में मेजबान टीम ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
टिम रॉबिन्सन (0) के जल्दी आउट होने के बाद क्लार्क और क्लीवर ने अर्धशतक लगाए। इसके बाद कप्तान निक केली ने 27 गेंदों में 39 रन की पारी खेलते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज सैफ हसन (17) और तंजीद हसन (20) बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद तौहीद हृदय (51*) ने शमीम हुसैन (31*) के साथ संघर्ष करते हुए जीत दिलाई।
अर्धशतक
क्लार्क और क्लीवर ने लगाए अर्धशतक
सलामी बल्लेबाज क्लार्क ने अपने टी-20 करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 37 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 51 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज क्लीवर ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 28 गेंदों पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 51 रन बनाए। क्लार्क और क्लीवर ने दूसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में 88 रन की साझेदारी की।
सोढ़ी
सोढ़ी ने विकेटों के मामले में टिम साउथी की बराबरी की
ईश सोढ़ी ने अपने 4 ओवर में 40 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटों के मामले में आदिल राशिद (163) को पीछे छोड़ा है। इस अनुभवी लेग स्पिनर ने टिम साउथी (164) की बराबरी की। सोढ़ी के नाम अब 141 मैचों में 23.02 की औसत और 8.16 की इकॉनमी रेट के साथ 164 विकेट हैं। इस प्रारूप में सोढ़ी और साउथी से ज्यादा विकेट सिर्फ राशिद खान (193) ने लिए हैं।
तौहीद हृदय
तौहीद हृदय ने दिलाई जीत
तौहीद हृदय ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल छठा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 27 गेंदों में 51 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने शमीम हुसैन के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। शमीम ने 13 गेंदों में नाबाद 31 रन की पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए।