बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में अपना चौथा सबसे कम स्कोर बनाया, स्टार्क ने लिए 6 विकेट
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश क्रिकेट टीम की पहली पारी सिर्फ 64 रन पर ही सिमट गई। यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बांग्लादेश की टीम का चौथा सबसे कम स्कोर है। बांग्लादेश की ओर से शोरीफुल इस्लाम ने सर्वाधिक 14 रन बनाए। ज्यादातर बांग्लादेशी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। आइए मैच में बांग्लादेश की बल्लेबाजी के बारे में जानते हैं।
स्कोर
बांग्लादेश ने बनाया अपना चौथा सबसे कम स्कोर
बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में चौथा सबसे कम स्कोर बनाया। बता दें कि टेस्ट इतिहास में बांग्लादेश का सबसे कम स्कोर 43 रन है, जो 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था।
इसके बाद 2022 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध बांग्लादेशी पारी सिर्फ 53 रन पर सिमटी थी।
बांग्लादेश का टेस्ट में तीसरा सबसे कम स्कोर 62 रन है, जो 2007 में श्रीलंका के खिलाफ आया था।
बल्लेबाजी
खराब रही बांग्लादेश की बल्लेबाजी
बांग्लादेश की ओर से 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
ऑस्ट्रेलिया की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश के 4 बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके, जिसमें कप्तान नजमुल हसन शांतो और लिटन दास जैसे बड़े नाम शामिल रहे।
ऑस्ट्रेलिया से दहाई का आंकड़ा छूने में सिर्फ मेहदी हसन मिराज (11), हसन महमूद (10), तैजुल इस्लाम (11*) और शोरीफुल इस्लाम (14) रहे।
ऑस्ट्रेलिया से मिचेल स्टार्क ने सर्वाधिक 6 विकेट लिए।
गेंदबाजी
स्टार्क ने लिए 6 विकेट
स्टार्क ने दूसरे टेस्ट की पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम (0) को आउट किया।
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने दूसरे ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर क्रमशः तंजीद हसन तमीम (0) और नजमुल हुसैन शांतो (0) को पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने अपने तीसरे ओवर में मोमिनुल हक (9) और चौथे ओवर में लिटन दास (0) के विकेट चटकाए।
इसके बाद उन्होंने शोरिफुल इस्लाम का विकेट लिया। उन्होंने 12 रन देते हुए 6 विकेट लिए।
विकेट
स्टार्क ने टेस्ट विकेटों के मामले में स्टेन को पीछे छोड़ा
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज स्टेन ने अपने टेस्ट करियर में 93 मैचों की 171 पारियों में 22.95 की औसत के साथ 439 विकेट हासिल किए थे।
वहीं, अब स्टार्क ने 107 टेस्ट की 205 पारियों में 441 विकेट चटकाए हैं।
अब स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में विश्व के 10वें सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बने हैं।
बता दें कि स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले टेस्ट के दौरान कपिल देव (434) को पीछे छोड़ा था।