दवा संबंधी नियम तोड़ने पर ऑस्ट्रेलिया की स्टार तेज गेंदबाज पर लगा 2 मैचों का प्रतिबंध
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की स्टार तेज गेंदबाज मेगन शट्ट को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 2 मैचों के लिए निलंबित कर दिया है। उन पर डॉक्टर की सलाह वाली दवा के इस्तेमाल से जुड़े नियम तोड़ने पर कार्रवाई की गई है। यह दवा प्रदर्शन बढ़ाने वाली नहीं थी। शट्ट ने अपनी गलती के लिए मिली सजा स्वीकार कर ली है। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी-20 और एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए बिग बैश लीग (BBL) का मुकाबला नहीं खेल पाएगी।
बयान
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने क्या कहा?
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम के विश्राम अवधि के दौरान यह घटना हुई। CA ने गुरुवार एक बयान जारी कर निलंबन की जानकारी दी।
बयान में कहा गया, "यह उल्लंघन डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने के कारण हुआ। यह एक बार हुई घटना थी जो प्रतियोगिता से बाहर रहने के दौरान हुई थी। इसका उद्देश्य प्रदर्शन में सुधार करना नहीं था।"
सहयोग
शट्ट ने कही ये बात
CA ने आगे कहा, "हम शट्ट को उचित सहयोग देना जारी रखेंगे और उन्हें उन मानकों व जिम्मेदारियों की याद दिलाएंगे जिनका पालन हमारी इस खेल का प्रतिनिधित्व करने वाले हर व्यक्ति से अपेक्षित है।"
शट्ट ने इस मामले पर कहा, "मुझे जो सजा दी गई है, मैं उसे पूरी तरह स्वीकार करती हूं और अपेक्षित मानकों पर खरा नहीं उतरने के लिए माफी मांगती हूं। मुझे जो सहयोग मिला है, मैं उसकी सराहना करती हूं।"
खिलाड़ी
इस घटना का मेरे प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं- शट्ट
शट्ट ने अपने बयान में आगे कहा, "हालांकि, यह घटना बांग्लादेश के खिलाफ हुई सीरीज से बाहर रहने के दौरान हुई थी और इसका प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था, लेकिन मैं समझती हूं कि खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करना मेरी जिम्मेदारी है। खिलाड़ियों को इन दिशानिर्देशों के बारे में नियमित रूप से जानकारी दी जाती है और मुझे भी इनका पालन करना चाहिए था।"
दवा
क्या हैं नियम?
व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली ऐसी दवाओं का उपयोग CA और डोपिंग रोधी प्राधिकरण के नियमों के तहत वैध है, जो प्रदर्शन बढ़ाने वाली नहीं हैं।
इन दवाओं के इस्तेमाल को लेकर सख्त दिशानिर्देश हैं और इनका उपयोग केवल निजी जरूरत के लिए ही किया जा सकता है।
शट्ट ने 114 वनडे में 158 विकेट लिए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 126 मैचों में 152 विकेट चटकाए हैं। टेस्ट में उनके नाम 9 विकेट है।