ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज माइक हसी बन सकते हैं इंग्लैंड के बल्लेबाजी कोच, CSK से रहा है नाता
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइक हसी इंग्लैंड क्रिकेट टीम के नए बल्लेबाजी कोच बन सकते हैं। हसी ने बताया कि इंग्लैंड के नए टेस्ट मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इस भूमिका के लिए उनसे बातचीत की है और वह इसके लिए तैयार हैं। अगर ऐसा होता है तो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के 2 पुराने साथी फिर एकसाथ हो जाएंगे। फ्लेमिंग और हसी दोनों इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में CSK के कोचिंग दल का हिस्सा थे।
बयान
हसी ने क्या दिया बयान?
हसी ने फॉक्स स्पोर्ट्स से कहा, "मैं फ्लेमिंग के प्रस्ताव को तुरंत खारिज नहीं करूंगा। हालांकि, मैं अभी भी इस भूमिका पर अनिश्चित हूं। मेरा संक्षिप्त जवाब यह है कि मैं किसी भी चीज के लिए ना नहीं कहूंगा।"
उन्होंने कहा, "मुझे कोचिंग देना बेहद पसंद है। मुझे खिलाड़ियों को बेहतर बनाने में मदद करना अच्छा लगता है, चाहे वे ऑस्ट्रेलियाई हों, इंग्लिश हो, दक्षिण अफ्रीकी हो, पाकिस्तानी हो या भारतीय, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है।"
भूमिका
अपनी ही टीम के खिलाफ भूमिका पर क्या बोले हसी?
हसी ने माना कि एशेज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड की कोचिंग देना थोड़ा अजीब जरूर होगा। उन्होंने कहा, "इसमें निश्चित रूप से मुझे थोड़ा अजीब महसूस होगा और इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन अगर यह आपका काम है, तो आप बस इसमें जुट जाते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे ऐसा महसूस नहीं होता कि मैं किसी टीम के खिलाफ कोचिंग कर रहा हूं, बल्कि मुझे लगता है कि मैं एक टीम के साथ काम कर रहा हूं।"
तारीफ
हसी ने की फ्लेमिंग की तारीफ
हसी ने स्पष्ट किया कि फ्लेमिंग के साथ अच्छे संबंधों के बावजूद वे जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेंगे, क्योंकि उनके लिए परिवार से दूर रहना एक बड़ा विषय है।
हसी का मानना है कि फ्लेमिंग इंग्लैंड को आगे ले जाने के लिए बिल्कुल सही व्यक्ति हैं। वे इंग्लैंड के आक्रामक रुख को बरकरार रखेंगे, लेकिन हाल के दिनों की तरह 'लापरवाह' क्रिकेट खेलने के बजाय खेल में अधिक समझदारी और नियंत्रण लेकर आएंगे।
करियर
शानदार रहा है हसी का क्रिकेट करियर
हसी ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 79 टेस्ट मैचों में 6,235 रन बनाए हैं।
कोचिंग के अनुभव की बात करें तो वे पहले भी इंग्लैंड टीम के साथ काम कर चुके हैं और उन्होंने इंग्लैंड को टी-20 विश्व कप 2022 जिताने में बतौर सहायक भूमिका निभाई थी।
बता दें कि इंग्लैंड अगले साल जून से अगस्त (2027) के बीच घरेलू मैदानों पर एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा।