ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 में भारत को हराया, सीरीज में हासिल की बराबरी
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 19 रन से हार का सामना करना पड़ा। मनुका ओवल में खेले गए मैच में कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163/5 का स्कोर बनाया, जिसमें जॉर्जिया वोल की 88 रन की पारी शामिल रही। जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-1 से बराबरी हासिल की।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया से जॉर्जिया और बेथ मूनी (46) ने पहले विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की। अच्छी शुरुआत के बाद सलामी बल्लेबाजों के अलावा अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी क्रीज पर नहीं टिक सकी और मेजबान टीम ने सम्मानजनक स्कोर बनाया। जवाब में भारत से शफाली वर्मा (29) और स्मृति मंधाना (31) ने सधी हुई शुरुआत की। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (36) और विकेटकीपर ऋचा घोष (19) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सकी।
जॉर्जिया वोल
जॉर्जिया वोल शतक से चूकी
ऑस्ट्रेलिया की ओर से पारी की शुरुआत करने आई जॉर्जिया वोल अपने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक से चूक गई। 22 वर्षीय इस बल्लेबाज ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। वह 57 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 88 रन बनाकर आउट हुई। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वोच्च स्कोर बन गया। उन्होंने अब तक 8 पारियों में 39.50 की औसत से 316 रन बनाए हैं।
मंधाना
बतौर सलामी बल्लेबाज मंधाना ने पूरे किए 4,000 रन
लक्ष्य का पीछा करते हुए मंधाना 24 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुई। इस बीच मंधाना ने सलामी बल्लेबाज के रूप में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 4,000 रन पूरे किए। वह सूजी बेट्स के बाद ये कारनामा करने वाली सिर्फ दूसरी बल्लेबाज बनी हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 144 पारियों में सलामी बल्लेबाज के रूप में खेल चुकी मंधाना ने 30 की औसत से 4,028 रन बनाए हैं।
बेथ मूनी
बेथ मूनी अर्धशतक से चूकी
ऑस्ट्रेलिया से पारी की शुरुआत करने आई मूनी अपने अर्धशतक से चूक गई। वह 39 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुई। उनके अब 114 मैचों में 41.85 की औसत और 125.43 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,432 रन बनाए हैं। भारत के विरुद्ध उन्होंने 28 मैचों में 43.59 की औसत और 122.16 की स्ट्राइक रेट के साथ 959 रन बनाए हैं।