Loading...
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शांतो पहले टेस्ट में शतक लगाने से चूके, जानिए उनके आंकड़े 
नजमुल हुसैन शांतो ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@ICC)

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शांतो पहले टेस्ट में शतक लगाने से चूके, जानिए उनके आंकड़े 

Aug 14, 2026
12:07 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ डार्विन टेस्ट की अपनी पहली पारी में 84 रन बनाए। वह अपने टेस्ट करियर के 10वें शतक से चूक गए। इस बीच तंजीद हसन तमीम (101) के साथ मिलकर 93 रन की उम्दा साझेदारी की। शांतो के अर्धशतक और तंजीद के शतक की मदद से बांग्लादेश ने पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

नजमुल हुसैन शांतो ने खेली कप्तानी पारी

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 198 रन बनाए थे।

जवाब में बांग्लादेश ने जब 138 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब शांतो क्रीज पर आए।

उन्होंने अपने टेस्ट करियर का कुल 7वां अर्धशतक लगाया।

वह 126 गेंदों का सामना करते हुए 84 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और एक छक्का लगाया। उनकी पारी का अंत जोश हेजलवुड ने किया।

आंकड़े 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला अर्धशतक 

शांतो का यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला ही टेस्ट था, जिसकी पहली पारी में उन्होंने 84 रन बनाए।

वह कंगारू टीम के खिलाफ तीसरी सर्वोच्च पारी (संयुक्त रूप से) खेलने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज बने।

ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध सर्वोच्च पारी खेलने वाले बांग्लादेशी शहरयार नफीस (138 रन, 2006) हैं।

उनके बाद तंजीद (101) हैं, जिन्होंने इस टेस्ट में शतक लगाया है।

ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने भी 84 रन (2017) बनाए थे।

ADVERTISEMENT

करियर 

ऐसा है शांतो का टेस्ट करियर

शांतो ने जनवरी 2017 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।

वह अब तक 43 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसकी 80 पारियों में 34.14 की औसत से 2,663 रन बनाए हैं।

इस दौरान उन्होंने 9 शतक और 7 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 163 रन का रहा है।

वह कप्तान के तौर पर टेस्ट में 5 शतक जड़ चुके हैं।

ADVERTISEMENT

बांग्लादेश 

बांग्लादेश ने मैच में बनाई बढ़त 

डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम सिर्फ 53 ओवर में 198 रन पर सिमट गई।

मेजबान टीम से स्टीव स्मिथ ने सर्वाधिक 71 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से हसन महमूद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट लिए।

जवाब में बांग्लादेश ने 91 ओवर के बाद 322/6 का स्कोर बनाया।

इस समय क्रीज पर मेहदी हसन मिराज (11) और हसन महमूद (5) मौजूद हैं। बांग्लादेश की बढ़त 124 रन की हो गई है।

ADVERTISEMENT