Loading...
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश: मिचेल स्टार्क ने लिया 5 विकेट हॉल, स्टेन को विकेटों में पीछे छोड़ा
मिचेल स्टार्क ने लिया 5 विकेट हॉल (तस्वीर: एक्स/@ICC)

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश: मिचेल स्टार्क ने लिया 5 विकेट हॉल, स्टेन को विकेटों में पीछे छोड़ा

Aug 22, 2026
07:54 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में 5 विकेट हॉल लिया। उन्होंने बांग्लादेश की पहली पारी के शीर्ष के 5 विकेट लिए और मेहमान टीम को बैकफुट में धकेल दिया। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 19वां, 5 विकेट हॉल साबित हुआ। इस बीच उन्होंने टेस्ट विकेटों के मामले में डेल स्टेन को पीछे छोड़ा। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

विकेट 

स्टार्क ने स्टेन को पीछे छोड़ा 

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज स्टेन ने अपने टेस्ट करियर में 93 मैचों की 171 पारियों में 22.95 की औसत के साथ 439 विकेट हासिल किए थे।

वहीं, अब स्टार्क ने 107 टेस्ट की 205 पारियों में 440 विकेट चटकाए हैं।

अब स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में विश्व के 10वें सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बने हैं।

बता दें कि स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले टेस्ट के दौरान कपिल देव (434) को पीछे छोड़ा था।

गेंदबाजी 

घातक रही स्टार्क की गेंदबाजी 

स्टार्क ने दूसरे टेस्ट की पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम (0) को आउट किया।

बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने दूसरे ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर क्रमशः तंजीद हसन तमीम (0) और नजमुल हुसैन शांतो (0)को पवेलियन की राह दिखाई।

इसके बाद उन्होंने अपने तीसरे ओवर में मोमिनुल हक (9) और चौथे ओवर में लिटन दास (0) के विकेट चटकाए।

उनकी घातक गेंदबाजी के चलते बांग्लादेश ने 12 रन तक अपने 5 विकेट गंवाए।

ADVERTISEMENT

जानकारी

पहले सत्र की समाप्ति तक बांग्लादेश ने खोए अपने 6 विकेट 

पहले दिन के पहले सत्र की समाप्ति के बाद बांग्लादेश का स्कोर 35 रन पर 6 विकेट हो गया। स्टार्क के अलावा कप्तान पैट कमिंस ने एक विकेट लिया।

ADVERTISEMENT

पहला ओवर 

टेस्ट में पहले ओवर में 9वीं बार लिया विकेट 

स्टार्क नई गेंद से घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 9वीं बार टेस्ट क्रिकेट में मैच के पहले ओवर में विकेट लिया।

वह मैच के पहले ओवर में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज जेम्स एंडरसन (8) को पीछे छोड़ा।

क्रिकइंफो के मुताबिक, रे लिंडवाल, कपिल देव और रिचर्ड हेडली ने टेस्ट के ओवर में 7-7 विकेट लिए हैं।

जानकारी

स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ पहली बार लिया 5 विकेट हॉल 

स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ पहली बार टेस्ट में 5 विकेट हॉल लिया। उन्होंने अब तक 19 पारियों में 5 या अधिक विकेट लिए हैं। इस तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ सर्वाधिक 6-6 बार, 5 विकेट हॉल लिए हैं।

करियर 

शानदार चल रहा है स्टार्क का टेस्ट करियर 

स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।

उन्होंने अब तक कुल 107 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 204 पारियों में लगभग 26 की औसत से 440 विकेट चटकाए हैं।

इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/58 का रहा है।

टेस्ट में उनसे ज्यादा विकेट वाले ऑस्ट्रेलियाई सिर्फ शेन वॉर्न (708), नाथन लियोन (568*) और ग्लेन मैक्ग्रा (563) हैं।

ADVERTISEMENT