सैंडपेपर कांड के बाद भी ऑस्ट्रेलिया ने की थी गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश, बड़ा खुलासा
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सैंडपेपर विवाद में अब एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोप है कि साल 2018 में हुए इस विवाद के 6 महीने बाद भी टीम में गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश की गई थी। ऑस्ट्रेलिया के नए नेतृत्व में पहले टेस्ट के दौरान हुई इस घटना को तत्कालीन कोच जस्टिन लैंगर और उस समय टीम के कप्तान रहे विकेटकीपर टिम पेन ने नाकाम कर दिया था। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
मामला
क्या है पूरा मामला?
मीडिया संस्थान सेन के पत्रकार जेरार्ड व्हाटली की रिपोर्ट में नए आरोपों के साथ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की सैंडपेपर जांच से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
इसके मुताबिक, मिचेल मार्श ने टीम होटल में डेविड वार्नर को सैंडपेपर विवाद में अपनी भूमिका की जिम्मेदारी लेने को कहा था।
वहीं, अक्टूबर 2018 में ऑस्ट्रेलिया के कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट के दौरान मैदान पर मिंट की गोलियां छिपाकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
घटना
मैदान पर हुई थी ये पूरी घटना
आरोप है कि पाकिस्तान की पहली पारी के दौरान ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज गेंद से कोई हरकत हासिल नहीं कर पा रहे थे।
इसी दौरान एक खिलाड़ी ने पूछा, "मिंट की गोलियां किसके पास हैं? आज गेंद के साथ क्या होने वाला है?"
इस पर टीम के एक नए सदस्य ने नाराजगी जताते हुए कहा, "क्या मजाक कर रहे हो? हम दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेंगे।"
हालांकि, विरोध के बावजूद एक सब्सटीट्यूट फील्डर को ड्रेसिंग रूम से गोलियां लाने भेजा गया था।
मना
कप्तान और कोच ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को रोका
कप्तान पेन ने इस पूरी स्थिति को भांप लिया था और खिलाड़ी को हाथ से इशारा कर वापस जाने को कहा था।उन्होंने उसे मैदान में उतरने के बजाय अपनी जगह पर लौटने का निर्देश दिया था।
इसके बाद कोच लैंगर ने हस्तक्षेप किया।
इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम छवि को लेकर इतनी सतर्क थी कि उसने ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान भी मैदान पर टॉफी नहीं रखने का भी फैसला किया था।
गुस्सा
खिलाड़ियों पर भड़के थे लैंगर
मैच के बाद कोच लैंगर ने खिलाड़ियों के उस समूह से बात की थी। उन्होंने एक बैगी ग्रीन कैप उठाई और उसे अपने पिछले हिस्से पर रगड़कर यह दिखाया कि खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के साथ क्या कर रहे थे।
इसके बाद पेन ने टीम के स्टाफ से बात की, जिनमें कई सदस्य केपटाउन टेस्ट के दौरान भी टीम के साथ थे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी कप्तानी में गेंद पर मिंट की गोलियों या टॉफियों का इस्तेमाल कभी नहीं होगा।
मामला
बैनक्राफ्ट जिम्मेदारी अकेले लेना चाहते थे
कैमरून बैनक्राफ्ट ने सैंडपेपर विवाद की जिम्मेदारी अकेले लेने की पेशकश की थी, लेकिन तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ आगे आए और जिम्मेदारी साझा करने की बात कही।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर मार्श ने वार्नर का सामना नहीं किया होता तो शायद सिर्फ इन्हीं खिलाड़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता।
एक सूत्र ने बताया कि यह मामला टीम होटल में चर्चा का विषय बन गया था। उन्होंने कहा, "मार्श ने वार्नर के साथ काफी सख्ती से बात की थी।"