ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए जोश इंग्लिश
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिश उंगली में फ्रैक्चर के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे और तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। पहले वनडे के दौरान विकेटकीपिंग करते समय दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने विकेटकीपिंग जारी रखी और लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी भी की। हालांकि, चोट की गंभीरता के कारण अब वह 27 सितंबर और 30 सितंबर को होने वाले मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
विकेटकीपर
टेस्ट सीरीज में वापसी की चुनौती
इंग्लिश के सामने अब 9 अक्टूबर से डरबन में शुरू होने वाली बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज से पहले उंगली की चोट से उबरने की चुनौती होगी।
वह ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में एलेक्स कैरी के बैकअप विकेटकीपर हैं।
हालांकि, समय पर फिट होने पर इंग्लिश के पास विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर भी अंतिम एकादश में जगह बनाने का मौका रहेगा।
ऐसे में उनकी नजर जल्द से जल्द चोट से उबरकर टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध होने पर होगी।
जांच
मेडिकल जांच के लिए पर्थ जाएंगे इंग्लिश
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के मुताबिक, इंग्लिश मेडिकल जांच के लिए पर्थ लौटेंगे।
टेस्ट सीरीज में उनकी उपलब्धता आगे की जांच और चोट से उबरने की प्रगति पर निर्भर करेगी।
ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बाकी 2 वनडे के लिए इंग्लिश के स्थान पर अभी किसी खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं की है।
हालांकि, अगर इंग्लिश समय पर फिट नहीं हो पाते हैं तो ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट सीरीज के लिए उनके विकल्प पर विचार करना पड़ सकता है।
खराब
पहले मुकाबले में नहीं चला था इंग्लिश का बल्ला
डरबन में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 297/8 का स्कोर बनाया, जिसमें मैथ्यू ब्रीट्जके का शतक (112) शामिल रहा।
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम कप्तान मिचेल मार्श (60) की पारी के बावजूद 230 रन पर सिमट गई थी।
इंग्लिश ने बतौर बल्लेबाज 8 गेंदों का सामना किया था और सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।
ब्योर्न फोर्टुइन ने उनको पवेलियन की राह दिखाई थी।
करियर
इंग्लिश के वनडे करियर पर एक नजर
इंग्लिश ने अपना पहला वनडे साल 2022 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 43 मैच खेले हैं और इसकी 39 पारियों में 1,100 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उन्होंने 30.55 की औसत और 99.63 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है।
इंग्लिश के बल्ले से 2 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 120 रन रहा है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 9 मैचों की 8 पारियों में 179 रन बनाए हैं।