ऑस्ट्रेलियन ओपन: सानिया मिर्जा और एन्ना दानिलिना की जोड़ी दूसरे दौरे में पहुंची, जानिए आंकड़े
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और उनकी महिला युगल जोड़ीदार एन्ना डेनिलिना 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन (AO) के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। सानिया और एन्ना ने हंगरी की डाल्मा गाल्फी और अमेरिका की बर्नार्डा पेरा को 6-2, 7-5 से हराकर दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। दूसरे दौर में इन दोनों का सामना एलिसन वान यू और अन्हेलिना कालिनिना से होगा। जिन्होंने एरी होजुमी और तमारा जिदानसेक की जोड़ी को मात दी है।
सानिया की अगले दौर में होगी कड़ी टक्कर
दूसरे राउंड में सानिया-एन्ना की जोड़ी का सामना वान यू और कालिनिना से होगा जो एक मुश्किल प्रतिद्वंद्वी हैं। उन्होंने जिदानसेक और होजुमी को 7-6, 6-3 से हराया था। बता दें पुरुष युगल में रामकुमार रामनाथन और युकी भांबरी तथा साकेत माइनेनी पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए हैं। रामकुमार और मैक्सिको के मिगुल एंजेल रेयेस वारेला को स्टेफानोस और पेट्रोस सिटसिपास ने ने हराया। धारक भांबरी और माइनेनी को आंद्रियास मिलेस और जॉन पीयर्स ने मात दी।
रोहन बोपन्ना के साथ मिश्रित युगल मुकाबला खेलेंगी सानिया
सानिया का अब ऑस्ट्रेलियन ओपन में महिलाओं के युगल में 23-13 जीत-हार के रिकॉर्ड हो गया है। उनका सबसे अच्छा परिणाम 2016 में आया था जब उन्होंने दिग्गज मार्टिना हिंगिस के साथ खिताब अपने नाम किया था। ग्रैंड स्लैम के महिलाओं के युगल में सानिया का कुल मिलाकर रिकॉर्ड 104-51 जीत-हार का है। सानिया शनिवार को रोहन बोपन्ना के साथ अपने मिश्रित युगल का अभियान भी आगाज करेंगी।
ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद संन्यास लेंगी सानिया
36 वर्षीय सानिया 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद पेशेवर टेनिस से संन्यास ले लेंगी। महिला युगल में विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की थी। इससे पहले सानिया ने कहा था कि वह फरवरी में दुबई में आगामी WTA 1000 इवेंट के बाद संन्यास लेने की योजना बना रही हैं। अभी तक उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उम्मीद की जा रही है कि वह ट्रॉफी के साथ अपना आखिरी टूर्नाेमेंट खत्म करें।
सानिया के नाम दर्ज हैं ये उपलब्धियां
मिश्रित युगल में सानिया ने महेश भूपति के साथ जोड़ी बनाकर ऑस्ट्रेलियन ओपन (2009) और फ्रेंच ओपन (2012) जीता है। वहीं सानिया ने ब्राजील के ब्रूनो सोरेस के साथ US ओपन (2014) जीता था। 2015 में सानिया ने मार्टिना हिंगिस के साथ जोड़ी बनाकर पहला विंबलडन महिला डबल्स खिताब जीता था। विंबलडन के बाद सानिया ने अपनी जोड़ीदार हिंगिस के साथ मिलकर 2015 में US ओपन और उसके अगले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन पर भी कब्जा जमाया था।